in ,

विवादित भूमि में पाइप लगवाने पहुंचे सिपाहियों ने महिलाओं से की अभद्रता

-महिलाओं ने पुलिस विभाग के उच्चाधिकारियों से की शिकायत, बे अंदाज मनबढ़ सिपाहियों के खिलाफ कार्रवाई की लगाई गुहार

मिल्कीपुर। इनायत नगर थाना क्षेत्र के हैरिंग्टनगंज पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत सहसेपुर गांव में विवादित भूमि पर खड़ंजा तोडवाकर चौकी के दो सिपाहियों द्वारा जबरिया ह्यूम पाइप लगवाए जाने का प्रयास किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। सिपाहियों के कारनामे को लेकर मौके पर शांति भंग की स्थिति पैदा हो गई। किंतु मामला पुलिस विभाग के उच्चाधिकारियों के संज्ञान में पहुंचने के बाद मनबढ़ सिपाही मौके से भागे और बवाल होते-होते बचा। सिपाहियों के करतूतों की शिकायत पीड़ित महिलाओं सहित उनके परिवारी जनों द्वारा प्रदेश के मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल सहित महिला हेल्पलाइन से की गई है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक हैरिंग्टनगंज चौकी क्षेत्र अंतर्गत सहसेपुर गांव चौकी के दो सिपाही अंकित यादव व कुलदीप कुमार यादव चौकी के सरकारी वाहन से पहुंच गए थे। दोनों सिपाहियों ने विवादित भूमि से निकले खड़ंजा मार्ग को खुदवा कर पाइप लगवाना शुरू कर दिया। इसकी जानकारी के बाद दूसरे पक्ष के योगेंद्र सिंह के परिवार की महिलाएं एवं बच्चे मौके पर पहुंच गए और विवादित भूमि पर यथास्थिति बनाए रखने की बात कहने लगे। महिलाओं का आरोप है कि दोनों सिपाही आपे से बाहर हो गए थे और जमकर अभद्रता करते हुए बदसलूकी भी की।

महिलाओं का आरोप है कि दोनों सिपाही दूसरे पक्ष के महेंद्र सिंह से अनुचित अनुतोष प्राप्त कर विवादित भूमि पाइप लगवाने आए थे और मना करने पर बदसलूकी एवं अभद्रता की थी। दोनों सिपाही वर्दी के मद में चूर महिलाओं की कुछ सुनने को तैयार नहीं थे, जिसके बाद पीड़ित महिलाओं ने पुलिस विभाग के उच्चाधिकारियों से शिकायत कर कार्यवाही की गुहार की। यही नहीं महिलाओं ने 112 नंबर डायल कर पीआरबी पुलिस टीम भी मौके पर बुलाई तब उनके हस्तक्षेप के बाद सिपाही शांत हो सके। क्षेत्राधिकारी आशीष निगम एवं प्रभारी निरीक्षक नीरज सिंह के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ और दोनों बेलगाम सिपाही मौके से वापस लौटे।

क्षेत्राधिकारी आशीष निगम ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है, प्रभारी निरीक्षक इनायत नगर सहित चौकी के प्रभारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।

इसे भी पढ़े  मीडिया जगत में हो रहे बदलावों ने कॅरियर को जन्म दिया : डॉ. प्रदीप कुमार

What do you think?

Written by Next Khabar Team

मोबाइल नम्बर पर फोन करके रजिस्ट्री, स्पीड पोस्ट को वितरित करे पोस्टमैन : विवेक कुमार दक्ष

अयोध्या हनुमानगढ़ी की सालाना इनकम सार्वजनिक हो : किशोर कुणाल