चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए भारतीय टीम का एलान हो गया है। मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर और कप्तान रोहित शर्मा ने शनिवार को मुंबई में 15 सदस्यीय टीम की घोषणा की। इसमें कोई चौंकाने वाला फैसला नहीं आया। टीम लगभग वही है जो 2023 वनडे विश्व कप के दौरान थी। सिर्फ चार खिलाड़ी ऐसे हैं, जिनको बदला गया है। उनकी जगह टीम में आए चार में से दो खिलाड़ी पहली बार आईसीसी (सीमित ओवर) टूर्नामेंट खेलेंगे।
2023 वनडे विश्व कप vs 2025 चैंपियंस ट्रॉफी टीम
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए जो टीम चुनी गई है, उनमें कप्तान रोहित शर्मा, उपकप्तान शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी और रवींद्र जडेजा ऐसे खिलाड़ी हैं जो 2023 वनडे विश्व कप टीम का हिस्सा रहे थे। इसके अलावा जो चार खिलाड़ी और हैं, उनमें वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, यशस्वी जायसवाल और ऋषभ पंत शामिल हैं। चारों का यह पहला चैंपियंस ट्रॉफी है। हालांकि, अर्शदीप और पंत पहले आईसीसी टूर्नामेंट खेल चुके हैं, जबिक सुंदर और यशस्वी का यह पहला आईसीसी टूर्नामेंट होगा। 2023 वनडे विश्व कप टीम में इनकी जगह ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव, शार्दुल ठाकुर और मोहम्मद सिराज टीम में थे। शार्दुल हार्दिक के चोटिल होने पर रिप्लेसमेंट बनकर टीम में आए थे।
2023 | 2025 |
रोहित शर्मा (कप्तान) | रोहित शर्मा (कप्तान) |
शुभमन गिल | शुभमन गिल (उपकप्तान) |
विराट कोहली | विराट कोहली |
श्रेयस अय्यर | श्रेयस अय्यर |
केएल राहुल | केएल राहुल |
हार्दिक पांड्या (उपकप्तान) | हार्दिक पांड्या |
रवींद्र जडेजा | रवींद्र जडेजा |
अक्षर पटेल | अक्षर पटेल |
जसप्रीत बुमराह | जसप्रीत बुमराह |
मोहम्मद शमी | मोहम्मद शमी |
कुलदीप यादव | कुलदीप यादव |
ईशान किशन | वॉशिंगटन सुंदर |
सूर्यकुमार यादव | अर्शदीप सिंह |
शार्दुल ठाकुर | यशस्वी जायसवाल |
मोहम्मद सिराज | ऋषभ पंत |
भारत का शेड्यूल
भारत अपना पहला लीग स्टेज का मैच 20 फरवरी को बांग्लादेश के खिलाफ खेलेगा। इसके बाद 23 फरवरी को पाकिस्तान से मुकाबले के बाद टीम इंडिया को सात दिन का गैप मिलेगा। इसके बाद दो मार्च को भारतीय टीम न्यूजीलैंड से भिड़ेगी। भारतीय टीम ने यह टूर्नामेंट सिर्फ एक बार 2013 में जीता है। तब महेंद्र सिंह धोनी टीम के कप्तान थे। 2002 में बारिश के कारण फाइनल रद्द हो गया था। तब भारत और श्रीलंका संयुक्त विजेता रहे थे। भारतीय टीम कुल मिलाकर चार बार फाइनल में पहुंच चुकी है। 2013 और 2002 के अलावा ऐसा 2000 और 2017 में हुआ था।