बीएसए ने परिषदीय विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-छात्रों की कम उपस्थिति, खराब सफाई पर मांगा स्पष्टीकरण

मिल्कीपुर। बेसिक शिक्षा अधिकारी  लालचंद ने शुक्रवार को अमानीगंज शिक्षा क्षेत्र के कई परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान छात्रों की कम उपस्थिति खराब साफ-सफाई और शिक्षण व्यवस्था में लापरवाही सहित कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। कम्पोजिट विद्यालय तिन्दौली में कुल 136 नामांकित छात्रों में से केवल 36 उपस्थित मिले। निरीक्षण के समय इंचार्ज प्रधानाध्यापक कक्षा के बाहर बैठे पाए गए, जबकि छात्र कक्षा में थे।

विद्यालय में शौचालय और हैंडवॉशिंग यूनिट अक्रियाशील पाई गईं। तीन स्मार्ट क्लास में से केवल एक ही संचालित था और समय-सारणी व कार्य विभाजन भी निर्धारित नहीं था। इस संबंध में एक सप्ताह के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है। प्राथमिक विद्यालय कटघरा में 30 नामांकित छात्रों में से मात्र 10 उपस्थित थे। आरटीई मानकों के अनुसार नामांकन संख्या काफी कम पाई गई, जिस पर कम से कम 50 नए नामांकन कराने के निर्देश दिए गए। विद्यालय में साफ-सफाई की स्थिति खराब थी, और शौचालय व हैंडवॉशिंग यूनिट भी उपयोग योग्य नहीं थे।

यहां एक शिक्षामित्र बिना सूचना के अनुपस्थित मिलीं, जिनका एक दिन का मानदेय रोकते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया है।उच्च प्राथमिक विद्यालय कटघरा में भी 27 नामांकित छात्रों में से केवल 10 छात्र उपस्थित मिले। हालांकि, यहां शिक्षक शिक्षण कार्य करते पाए गए, लेकिन शौचालय गंदा था और परिसर में साफ-सफाई की कमी दिखी। छात्र उपस्थिति और नामांकन की स्थिति भी संतोषजनक नहीं पाई गई।

निरीक्षण के आधार पर, संबंधित प्रधानाध्यापकों और इंचार्जों को सभी कमियों को शीघ्र सुधारने और एक सप्ताह के भीतर साक्ष्य सहित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसा न करने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। इसके अतिरिक्त, खण्ड शिक्षा अधिकारी अमानीगंज को क्षेत्र के सभी विद्यालयों का सघन निरीक्षण करने, शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने और शासन की योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन कराने के निर्देश दिए गए हैं।

You may also like

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya