-कॉलेज की वार्षिक पत्रिका ‘स्पेक्ट्रम’ का विमोचन
अयोध्या। राजकीय डॉ. बृज किशोर होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज में वार्षिक उत्सव बड़े ही उत्साह और गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। इस अवसर पर कॉलेज की वार्षिक पत्रिका ‘स्पेक्ट्रम’ का विधिवत विमोचन भी किया गया, जो विद्यार्थियों की रचनात्मकता और शैक्षणिक गतिविधियों का प्रतिबिंब है। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। मुख्य अतिथि डायरेक्टर होम्योपैथिक डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी।
उन्होंने होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति के बढ़ते महत्व पर भी प्रकाश डाला। विशिष्ट अतिथि एसपी सिटी ट्रैफिक ए.पी. सिंह एवं प्रख्यात कलाकार मुनि रमन जी की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया। मुनि रमन जी ने अपने प्रेरणादायक गीतों और शब्दों से सभी को भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आशीष कुमार सिंह ने की।
इस दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं और अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वार्षिक उत्सव के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। साथ ही शिक्षण स्टाफ, चिकित्सालय स्टाफ और अन्य कर्मचारियों को भी शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र देकर उनके योगदान की सराहना की गई। कार्यक्रम के अंत में डॉ. विकास मिश्रा ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता जाहिर की।