ब्लाक प्रमुख चुनाव : 11 में 09 पर भाजपा का कब्जा, 01 पर सपा व 01 निर्दल को मिली सफलता

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

– 04 पहले ही निर्विरोध निर्वाचित, 07 ब्लॉकों में हुआ मतदान

अयोध्या। जिला पंचायत चुनाव के बाद ब्लॉक प्रमुख पद पर भी भाजपा प्रत्याशियों ने ऐतिहासिक जीत दर्ज कराई है। जनपद में 11 ब्लॉक प्रमुख चुने जाते हैं। जिसमें 09 भाजपा, 01 सपा औऱ 01ब्लॉक प्रमुख निर्दल निर्वाचित हुए हैं। इनमें नामांकन के दिन ही 08 जुलाई को रूदौली ब्लाक से भाजपा उम्मीदवार शिल्पी सिंह, मवई ब्लॉक से भाजपा के ही राजीव तिवारी, मसौधा से भाजपा प्रत्याशी अभिषेक सिंह निर्विरोध रहे हैं।

जबकि मिल्कीपुर ब्लॉक से निर्दलीय विनीता सिंह के अलावा किसी ने नामांकन ही नहीं किया जिससे विनीता सिंह निर्विरोध ब्लाक प्रमुख बनी हैं। महज 07 ब्लॉकों में प्रमुख पद के लिए शनिवार को वोटिंग हुई है। शाम 04 बजे तक सभी परिणाम आ गए। जिनमें सोहावल ब्लॉक प्रमुख पद पर भाजपा प्रत्याशी अनिल कुमार प्रियदर्शी ने संयुक्त मोर्चा प्रत्याशी विश्वनाथ को 04 मतों से पराजित किया है। यहां कुल 95 क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) हैं। इसी तरह पूरा ब्लॉक पर भाजपा की ऊषा सिंह ने बागी प्रत्याशी ज्योति सिंह को 23 वोट से हराया। अमानीगंज ब्लाक प्रमुख भी भाजपा प्रत्याशी श्रीदेवी बनी बनीं।

जिन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी शोभावती को 5 वोट से पराजित किया। नामांकन के समय विवाद वाले मया ब्लॉक से भाजपा के उमेश प्रताप सिंह ने सपा के धर्मवीर वर्मा को 13 मतों से शिकस्त दी है। वहीं तारुन ब्लॉक से भाजपा की सुशीला वर्मा सपा की राजकुमारी देवी को 32 वोटों से हराया। बीकापुर ब्लॉक से भाजपा के दिनेश वर्मा जीते हैं। यहां समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी अशोक यादव को 41 वोटों से हार का सामना करना पड़ा है। समाजवादी पार्टी अपने गढ़ हैरिंग्टनगंज ब्लॉक में ही प्रमुख का पद प्राप्त कर सकी हैं। यहां कद्दावर नेता रहे स्व. मित्रसेन यादव के पौत्र व पूर्व राज्यमंत्री आंनद सेन के पुत्र अंकुरसेन ने एक वोट से जीत दर्ज कराई है।

इसे भी पढ़े  युवक की पिटाई करने में एक दरोगा सहित दो सिपाही लाइन हाजिर

चुनाव परिणामों के बाद भाजपा सांसद लल्लू सिंह ने कहा कि भाजपा की जीत गांवों के सर्वांगीण विकास की नीतियों को समर्पित है। किसानों व मजदूरों के हित में सरकार ने योजनाओं की श्रंखलाएं प्रदान की है। महापौर ऋषिकेश उपाध्याय ने कहा कि केन्द्र व प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में अयोध्या का विकास है। विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि किसानों की आय में वृद्धि के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। विधायक इन्द्र प्रताप तिवारी खब्बू ने कहा कि प्रत्येक गांव को मुख्यमार्गो तक बेहतर परिवाहन सुविधा प्रदान की जा रही है।

विधायक रामचन्दर यादव ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति को प्रदान किया गया है। विधायक शोभा सिंह चौहान ने कहा कि सरकार सबका साथ सबका विकास की नीति पर चलते हुए सबका विश्वास हासिल करने के लक्ष्य की ओर बढ़ रही है। विधायक गोरखनाथ बाबा ने कहा कि गरीबों को आवास, शौचालय, गैस व विद्युत कनेक्शन पात्रता के आधार पर प्रदान किया गया है। जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह ने कहा कि एक बेहतर प्लान के तहत गांवों का सर्वांगीण विकास किया जायेगा। महानगर जिलाध्यक्ष अभिषेक मिश्रा ने कहा कि ब्लाक प्रमुख पर पार्टी की जीत कार्यकर्ताओं को समर्पित है। जिलाध्यक्ष संजीव सिंह ने कहा कि सम्पर्क व संवाद की बेहतर रणनीति के कारण भाजपा को बड़ी जीत मिली है। वहीं विभिन्न स्थानों पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने मिठाई वितरित करके खुशी का इजहार किया।

डीएम और एसएसपी करते रहे मतदान स्थलों का दौरा

-ब्लॉक प्रमुख चुनाव के लिए 11 में 07 ब्लॉकों में शनिवार को मतदान हुआ। शांति व्यवस्था के मद्देनजर डीएम अनुज झा और एसएसपी शैलेश पांडेय लगातार जायजा लेते रहे। पूर्वाह्न 11 बजे से शुरू हुए मतदान का निरीक्षण करने डीएम व एसएसपी विकास खंड अमानीगंज, हैरिंग्टनगंज के मतदान स्थल, बीकापुर औऱ तारुन में शांतिपूर्ण हो रहे मतदान को देखकर विकास खंड सोहावल के मतदान स्थल का निरीक्षण किया। यहां पत्रकारों को बताया कि जनपद में सात ब्लॉकों में शांतिपूर्ण मतदान हुआ है। वहीं एसएसपी शैलेश पांडेय ने बताया कि कुछ लोगों द्वारा यह भ्रम फैलाया गया कि सोहावल ब्लॉक पर प्रत्याशी की पिटाई हुई है जो शत प्रतिशत गलत है। एक अजनबी व्यक्ति ने परिसर में घुसने की कोशिश की थी, जो न तो मतदाता है और न ही उम्मीदवार था। उसे हटा दिया गया। जिस पर कुछ लोगों ने उस पर हमला करने की कोशिश की, पुलिस ने उसे बचा लिया है। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने दोनों पक्षों को शांत करा दिया। कहीं से कोई अप्रिय घटना नहीं। शांतिपूर्ण माहौल में मतदान हुआ है।

इसे भी पढ़े  नगर निगम अयोध्या बोर्ड की बैठक में 736 करोड़ रुपये का बजट पास

 

You may also like

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya