राम मंदिर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पद के लिए मांगे गये आवेदन

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-आवेदन भेजने की अंतिम तिथि 18 जुलाई तक

अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने राम मंदिर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पद पर नियुक्ति के लिए योग्य एवं इच्छुक अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। ट्रस्ट की ओर से आवेदन संबंधी अधिसूचना जारी कर इसे अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी साझा किया गया है। आवेदन भेजने की अंतिम तिथि 18 जुलाई 2026, शनिवार, सायं 4 बजे निर्धारित की गई है।

जारी अधिसूचना के अनुसार चयनित अभ्यर्थी की नियुक्ति तीन वर्ष के अनुबंध पर की जाएगी। संतोषजनक कार्य प्रदर्शन के आधार पर अनुबंध का नवीनीकरण भी किया जा सकेगा। पदस्थापना का स्थान अयोध्या होगा, जबकि वेतन एवं अन्य सुविधाएं आपसी सहमति से निर्धारित की जाएंगी। ट्रस्ट ने इस पद के लिए अभ्यर्थी की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता स्नातक निर्धारित की है।

अभ्यर्थी की आयु 50 से 70 वर्ष के बीच होनी चाहिए। साथ ही किसी बड़े सार्वजनिक संगठन, संस्था, विभाग या कंपनी में कम से कम 20 वर्ष का प्रबंधकीय अनुभव अनिवार्य किया गया है। अनुभव सामान्य प्रशासन, वित्त, लेखा, कार्मिक, जनसंपर्क, सूचना प्रौद्योगिकी, सुरक्षा, विधि तथा समन्वय जैसे क्षेत्रों में होना चाहिए। अधिसूचना में कहा गया है कि मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अथवा मंदिर या हिंदू धार्मिक संस्था के प्रबंधन का अनुभव रखने वाले अभ्यर्थियों को वरीयता दी जाएगी। योग्य एवं सक्षम सेवानिवृत्त अधिकारी भी आवेदन करने के पात्र होंगे। धार्मिक योग्यता के संबंध में ट्रस्ट ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थी का सक्रिय हिंदू होना अनिवार्य है, जबकि श्रीराम भक्त वैष्णव होना वांछनीय माना जाएगा। इसके अलावा हिंदी और अंग्रेजी भाषा का अच्छा ज्ञान भी आवश्यक होगा।

इसे भी पढ़े  दोस्ती की टोंन बढ़ाती है हैप्पी हार्मोन : डा. आलोक मनदर्शन

इच्छुक अभ्यर्थियों को अपना आवेदन ई-मेल के माध्यम से भेजना होगा। ट्रस्ट ने आवेदन से संबंधित विस्तृत दायित्व विवरण भी अधिसूचना के साथ संलग्न किया है। गौरतलब है कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट पहली बार सार्वजनिक रूप से मुख्य कार्यकारी अधिकारी पद के लिए आवेदन आमंत्रित कर रहा है। यह नियुक्ति राम मंदिर परिसर और ट्रस्ट के प्रशासनिक कार्यों के प्रभावी संचालन के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya