श्रीराम राखी पर्व 2026 के मुख्य आयोजन में अनुपम खेर भी होंगे अतिथि

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-संस्थापक महंत सीताराम दास और सुभाष सिंह ने भेंट कर दिया निमंत्रण पत्र

गोसाईंगंज-अयोध्या। श्री श्रृंगी ऋषि बाबा महोत्सव सेवा संस्थान द्वारा प्रतिवर्ष मनाए जाने वाले श्री राम राखी पर्व 2026की तैयारियां जोरों पर हैं। इसी क्रम में संस्थान के संस्थापक पूज्य महंत सीताराम दास महाराज एवं अध्यक्ष सुभाष सिंह के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने बॉलीवुड के प्रसिद्ध अभिनेता पद्मभूषण अनुपम खेर से भेंट कर उन्हें पर्व का अतिथि बनने का निमंत्रण पत्र भेंट किया।निमंत्रण स्वीकार करते हुए अनुपम खेर ने प्रसन्नता व्यक्त की और कहाकि राम का कार्य सबसे बड़ा कार्य है। अयोध्या की पावन धरा और रामलला से जुड़ना मेरे लिए परम सौभाग्य की बात है।

श्री राम राखी पर्व सनातन संस्कृति और भाईचारे का प्रतीक है। मैं इस दिव्य अवसर का हिस्सा बनकर स्वयं को गौरवान्वित महसूस करूंगा।राखी का यह पर्व हमारे सनातन संस्कारों की जड़ है। भगवान श्री राम ने अपने भाई-बहन के रिश्ते से हमें प्रेम और मर्यादा सिखाई। बहन शांता देवी मेरे लिए रक्षा का प्रतीक हैं।

इस पवित्र पर्व से जुड़कर मुझे अपनी बहन और श्री राम दोनों की याद आ गई। मैं इस आयोजन में शामिल होकर स्वयं को धन्य समझूंगा।
इस अवसर पर श्री राम राखी के संस्थापक पूज्य सीताराम दास महाराज ने कहाकि श्री राम राखी पर्व केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि रामभक्तों को एक सूत्र में बांधने का माध्यम है। अनुपम खेर जैसे राष्ट्रभक्त कलाकार के आने से यह पर्व और अधिक भव्य एवं प्रेरणादायक बनेगा।भाई-बहन का रिश्ता राम और शांता के संबंध से ही शुरू होता है।

इसे भी पढ़े  हर्षाेल्लास से मनाया गया नगर पंचायत गोसाईगंज का 73वाँ स्थापना दिवस

अनुपम खेर के आने से यह संदेश घर-घर तक जाएगा। वहीं संस्थान के अध्यक्ष सुभाष सिंह ने कहाकि हमारा उद्देश्य 25 अगस्त से 3 दिवसीय श्री राम राखी पर्व को ऐतिहासिक रूप से मनाना है। पूज्य महाराज जी के आशीर्वाद और अनुपम खेर के सानिध्य से लाखों श्रद्धालुओं को इस पर्व से जुड़ने की प्रेरणा मिलेगी। उक्त अवसर पर संस्थान के पदाधिकारी एवं दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर पर्व को सफल बनाने का संकल्प लिया।

 

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya