चौरासी कोसी परिक्रमा मार्ग में गजट से अधिक भूमि अधिग्रहण

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-मंझनपुर गांव के नाराज़ किसान निर्माणाधीन सड़क पर ही धरने पर बैठे

अमानीगंज-अयोध्या। 84 कोसी परिक्रमा मार्ग के निर्माण में गजट से अधिक भूमि का अधिग्रहण किए जाने से मिल्कीपुर तहसील के मंझनपुर गांव के किसान भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले विगत छः दिनों से निर्माणाधीन सड़क पर ही धरने पर बैठे हैं। उनकी मांग है कि पहले अतिरिक्त भूमि का गजट किया जाए और उन्हें मुआवजा दिया जाए फिर सड़क का निर्माण हो।

अधिक अधिग्रहण से पीड़ित किसान जून 2025 से ही मांग कर रहे हैं लेकिन अब तक समाधान नहीं हो सका। जिससे निराश किसान धरना प्रदर्शन करने के लिए विवस हो गए। किसानों का कहना है कि जब तक उनकी समस्या का कोई ठोस समाधान नहीं होगा तब तक वह धरने पर बैठे रहेंगे। मंझनपुर गांव के किसान राजदेई, राधेश्याम, शिवबरन, शिवकली, रिप्पन, लक्ष्मी, शंकरावती, गया प्रसाद, अरविंद कुमार, पवन कुमार का आरोप है कि उनकी गाटा संख्या 255 में साढ़े पच्चीस एअर रकबा का गजट और रजिस्ट्री हुई है।

लेकिन गजट एलाइनमेंट से हटकर उनकी गाटा संख्या में 255 एअर भूमि का अधिग्रहण कर सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। जिसका मुआवजा उन्हें नहीं दिया गया है। उन्होंने प्रार्थना पत्र देकर मांग की थी कि जितनी भूमि की रजिस्ट्री कराकर मुआवजा दिया गया है उतनी ही अधिग्रहित की जाए अथवा गजट में संशोधन करके किसानों को समुचित मुआवजा देने के बाद ही निर्माण कराया जाए। किसानों ने एसडीएम को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा।

धरने में भारतीय किसान यूनियन के तहसील अध्यक्ष राजेश मिश्रा, जिला सचिव राजदेव यादव, महिला जिलाध्यक्ष शान्ती मौर्या मौजूद रहीं। धरना स्थल पहुंचे उपजिलाधिकारी मिल्कीपुर सुधीर कुमार ने गजट कराकर समस्या के समाधान का आश्वासन देकर किसानों से धरना समाप्त करने का अनुरोध किया। लेकिन धरनारत किसान ठोस कार्रवाई की बात पर अड़े रहे। किसानों का कहना है कि जबतक कोई ठोस समाधान नहीं होगा वे धरना देते रहेंगे।

You may also like

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya