लोधीपुरवा में बनेगी सड़क, इस्माइलगंज में सुलभ शौचालय

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-जनसुनवाई में महापौर ने पार्षदों को दिया भरोसा, 29 प्रार्थना पत्रों में 19 का मौके पर ही निस्तारण

अयोध्या। लोधीपुरवा में जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए सड़क का निर्माण कराया जाएगा, जबकि इस्माइलगंज में सुलभ शौचालय का निर्माण होगा। यह भरोसा महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने मंगलवार को नगर निगम अयोध्या धाम के जोनल कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान पार्षदों को दिया। इस दौरान नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार मौजूद रहे।

जनसुनवाई संभव में कुल 29 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 19 का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। महापौर ने अधिकारियों को जनशिकायतों का निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही मिलने पर नगर आयुक्त ने संबंधित कर्मचारियों को फटकार लगाई और समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान पार्षद अनूप श्रीवास्तव ने इस्माइलगंज में साहिबगंज-सीताराम स्कूल के सामने वाली गली की मलिन बस्ती में सुलभ शौचालय की आवश्यकता जताई। इस पर महापौर ने स्थल का निरीक्षण कराकर सुलभ शौचालय निर्माण की कार्यवाही शुरू करने के निर्देश दिए।
पार्षद विश्वजीत ने लोधीपुरवा में जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए सड़क निर्माण की मांग रखी। महापौर ने जल्द सड़क निर्माण कराने का भरोसा दिया। अमानीगंज निवासी महीप रस्तोगी ने दुकान के सामने जबरिया अतिक्रमण कर दुकान लगाए जाने की शिकायत की। महापौर ने मामले की जांच के निर्देश दिए।

पार्षद सुनीता गुप्ता ने आदर्श नगर कॉलोनी में सोलर हाईमास्ट एवं स्ट्रीट लाइट लगवाने की मांग रखी। उन्होंने नगर निगम की भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाने का सुझाव भी दिया। इस पर नगर आयुक्त ने जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया।

इसे भी पढ़े  जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का जिलाधिकारी ने लिया त्वरित संज्ञान, कराया गया समाधान

भाजपा नेता आलोक द्विवेदी ने अश्विनीपुरम वार्ड के धनीरामपुर में जल निगम द्वारा कराए जा रहे नाली निर्माण में बढ़ती अनियमितताओं की ओर महापौर का ध्यान आकर्षित किया। महापौर ने नगर निगम अधिकारियों को जल निगम से पत्राचार कर आवश्यक कार्रवाई कराने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में सड़क, स्ट्रीट लाइट, कर निर्धारण, सफाई, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र सहित विभिन्न विषयों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से कई का मौके पर ही समाधान कराया गया। पार्षद विनय जायसवाल, रमाशंकर निषाद, महेंद्र शुक्ल और दीप कुमार ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया।

इस दौरान अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, सुमित कुमार, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी गजेंद्र कुमार, महाप्रबंधक जलकर सौरभ श्रीवास्तव, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरएम शुक्ल, जोनल अधिकारी ज्वाला प्रसाद, विनय सिंह, सहायक अभियंता निर्माण राजपति यादव, अवर अभियंता प्रकाश जाह्नवी सिंह आदि मौजूद रहे।

श्रावणी उपाकर्म पर चमकेंगे सरयू के घाट, होगी विशेष सफाई

अयोध्या। रक्षाबंधन के अवसर पर 28 अगस्त को होने वाले श्रावणी उपाकर्म को लेकर नगर निगम ने सरयू तट के घाटों की विशेष सफाई कराने का निर्णय लिया है। महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार को पत्र भेजकर श्रावणी उपाकर्म आयोजन वाले सभी घाटों पर सफाई, चूने के छिड़काव और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरा कराने के निर्देश दिए हैं।

महापौर ने कहा कि रामनगरी में रक्षाबंधन के अवसर पर श्रावणी उपाकर्म मनाने की प्राचीन परंपरा रही है। इस दौरान सरयू तट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर धार्मिक अनुष्ठान करते हैं। ऋणमोचन घाट से सहस्रधारा घाट तक करीब 10 स्थानों पर श्रावणी उपाकर्म के विशेष आयोजन होते हैं। इनमें सैकड़ों श्रद्धालु शामिल होते हैं।

इसे भी पढ़े  सावन के आखिरी सोमवार को उमड़ा शिवभक्तों का सैलाब

उन्होंने निर्देश दिया कि जिन स्थानों पर श्रद्धालुओं के बैठने और धार्मिक अनुष्ठान की व्यवस्था होगी, वहां विशेष सफाई कराई जाए। घाटों और आसपास के क्षेत्रों में चूने का छिड़काव भी कराया जाए। श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए सफाई कर्मचारियों की पर्याप्त तैनाती के साथ कूड़ा उठान की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। नगर निगम की ओर से सरयू तट के प्रमुख घाटों के साथ ही आयोजन स्थलों पर सफाई व्यवस्था की निगरानी की जाएगी, ताकि श्रावणी उपाकर्म के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो।

श्रावणी उपाकर्म का आयोजन सूर्यकुंड पर भी होता है। इसे देखते हुए वहां भी विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। महापौर ने कहा कि धार्मिक आयोजन में आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। संबंधित अधिकारियों को आयोजन से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

नगर निगम की ओर से सरयू तट के प्रमुख घाटों के साथ ही आयोजन स्थलों पर सफाई व्यवस्था की निगरानी की जाएगी, ताकि श्रावणी उपाकर्म के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya