साकेत महाविद्यालय को अयोध्या विधायक की ओर से 50 लाख की सौगात

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

 -आचार्य नरेन्द्र देव प्रेक्षागृह के पुनर्निर्माण, पानी की टंकी व शौचालय बनेंगे


अयोध्या। का.सु. साकेत महाविद्यालय के सांस्कृतिक परिषद् द्वारा आयोजित वार्षिक सांस्कृतिक समारोह ‘साकेतोत्सव 2026’ में मुख्य अतिथि अयोध्या के विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने महाविद्यालय के विकास के लिए 50 लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा की। इस राशि से आचार्य नरेन्द्र देव प्रेक्षागृह के पुनर्निर्माण, परिसर में पानी की टंकी तथा शौचालय निर्माण कराया जाएगा।

कार्यक्रम में प्रबन्ध समिति के मंत्री आनन्द सिंघल एवं अध्यक्ष आलोक कुमार बंसल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्राचार्य प्रो. दानपति तिवारी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए उनका परिचय कराया और आभार व्यक्त किया। सांस्कृतिक परिषद् के अध्यक्ष डॉ. असीम त्रिपाठी ने कार्यक्रम की रूपरेखा एवं उद्देश्य प्रस्तुत किया।

मुख्य अतिथि वेद प्रकाश गुप्ता ने छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने 50 लाख रूपयों को प्रदान करने की घोषणा के अलावा यूजीसी, मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री स्तर की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से भी महाविद्यालय के विकास-कार्यों को आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया।

शिक्षा के क्षेत्र में साकेत महाविद्यालय के योगदान की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि अयोध्या के विकास से साकेत महाविद्यालय का विकास अछूता नहीं रहना चाहिए। इसके लिए भविष्य में और भी कुछ करने की आवश्यकता होगी तो वह निस्संकोच सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे। प्रबन्ध समिति के अध्यक्ष आलोक कुमार बंसल एवं मंत्री आनन्द सिंघल ने मुख्य अतिथि व अयोध्या के माननीय विधायक वेद प्रकाश गुप्ता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

इसे भी पढ़े  अपहरण व हत्या में विवेचक की अन्तिम रिपोर्ट को कोर्ट में लगा झटका

समारोह के अन्त में अध्यक्ष आलोक बंसल, मंत्री आनन्द सिंघल, प्रबन्ध समिति के सदस्य निशीथ वर्मा, अरविन्द अग्रवाल तथा प्राचार्य प्रो. दानपति तिवारी ने त्रि-दिवसीय प्रतियोगिताओं में विजयी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं सांत्वना पुरस्कार वितरित किए। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती पूनम जोशी एवं प्रो. सरला शुक्ला ने संयुक्त रूप से किया।

इस अवसर पर प्रो. शिवकुमार तिवारी, प्रो. अशोक कुमार राय, प्रो. अनुराग मिश्र, प्रो. कविता सिंह, प्रो. फौजदार यादव, प्रो. रचना सिन्हा, डॉ. नीता पाण्डेय, डॉ. जनमेजय तिवारी, डॉ. अनूप पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में प्राध्यापक, प्राध्यापिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। यह जानकारी सहायक मीडिया प्रभारी डॉ. राम लाल विश्वकर्मा ने प्रदान की।

सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध


साकेत महाविद्यालय में सांस्कृतिक परिषद द्वारा राजा जगदम्बिका प्रताप नारायण सिंह सभागार में आयोजित वार्षिकोत्सव समारोह के सांस्कृतिक कार्यक्रम में छात्र एवं छात्राओं द्वारा प्रस्तुत आकर्षक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का शुभारम्भ छात्राओं द्वारा गणेश वन्दना पर भावपूर्ण नृत्य से हुआ, जिसने सम्पूर्ण वातावरण को भक्ति भावना से ओत-प्रोत कर दिया।

इसके पश्चात् प्रस्तुत राजस्थानी लोकनृत्य ने दर्शकों के मन को विशेष रूप से आह्लादित किया। रंग-बिरंगे परिधानों और पारम्परिक संगीत की लय पर थिरकते कलाकारों ने सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। कार्यक्रम में ‘चार युग चार गाथाएं’ विषय पर प्रस्तुत सामूहिक नृत्य ने दर्शकों के हृदय को जीत लिया। इस प्रस्तुति में भारतीय संस्कृति और इतिहास की झलक को अत्यन्त सुन्दर ढंग से प्रदर्शित किया गया।


इसी क्रम में सम्राट् अशोक के जीवन पर आधारित नाटक ने दर्शकों के हृदय में करुणा और मानवता की भावना को जागृत किया। वहीं ‘रानी पद्मावती का जौहर’ विषय पर प्रस्तुत नाट्य मंचन को भी दर्शकों ने खूब सराहा और कलाकारों के अभिनय की प्रशंसा की। कार्यक्रम में एकल नृत्य, सामूहिक नृत्य तथा नृत्य-नाटिकाओं की विविध प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह का भरपूर मनोरंजन किया और पूरे समय दर्शकों को बांधे रखा।

इसे भी पढ़े  प्रशिक्षण प्राप्त लाभार्थियों को वितरित किया गया टूलकिट

समग्र रूप से यह सांस्कृतिक आयोजन सफल रहा, जिसने कला, संस्कृति और इतिहास के विविध आयामों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करते हुए दर्शकों के मन पर गहरी छाप छोड़ी।

You may also like

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya