-चपेट में आने से तीन घायल, कई दो पहिया वाहन क्षतिग्रस्त
अयोध्या। शहर के अति व्यस्ततम रिकाबगंज- चौक मार्ग पर स्थित वर्षो पुराना नीम का पेड़ अचानक धराशायी हो गया। जिसकी जद में आने से एक बच्चे की मौत हो गई। कई राहगीर दबकर घायल हो गए। लोगों ने हादसे के सभी घायलों को आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां एक बालक को जांच के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। तीन गम्भीर घायलों को भर्ती किया गया।
अन्य चोटिहल लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। हादसा शनिवार दोपहर बाद हुआ। मौसम साफ हो जाने से यहां खरीददारी करने वालों की भीड़ का आवागमन था। पेड़ की जद में तमाम वाहन भी आए हैं जो सड़क किनारे खड़े थे। डाल हटाए जाने के बाद ही क्षतिग्रस्त वाहन निकल सके हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार पेड़ लगभग 150 सौ साल पुराना था।
मोइया बेगमगंज पूराकलंदर का रहने वाला था 10 वर्षीय अब्बू साहिम
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर रिकाबगंज चौराहे के आगे अचानक गिरे विशालकाय नीम के पेड़ से दबकर मरने वाला बालक जनपद के थाना पूराकलंदर थाना क्षेत्र स्थित मोइया बेगमगंज निवासी रमजान का 10 वर्षीय पुत्र अब्बू सहीम था। अति व्यस्त मार्ग होने के कारण कई राहगीर इसकी चपेट में आए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस व स्थानीय लोगों पेड़ के चपेट में आए लोगों को निकाला।
जिनमें से ज्यादा चोटें आने के कारण एक बालक समेत तीन को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने 10 वर्षीय अब्बू सहीम को मृत घोषित कर दिया। आशिया पत्नी सगीर अहमद निवासी अंगूरीबाग अयोध्या शहर, नाजमीन पुत्री अब्दुल रहूक ठठरईया तथा मेहताब पुत्र उसमान मोइया बेगमगंज, पूराकलंदर का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। कई अन्य को भी चोटें आई है। पेड़ की चपेट में आने के कारण उसके नीचे खड़े कई दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
तेज आवाज के साथ गिरा था पेड़, दहशत में भागे लोग
स्थानीय दुकानदारों और प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अचानक तेज आवाज के साथ पेड़ ढह गया। आवाज के कारण से भगदड़ की स्थिति बन गई। लोगों में दहशत फैल गई। लोग चीखने चिल्लाने और बचाओ बचाओ पुकारने लगे। कुछ मिनट बाद राहगीरों ने बचाव कार्य शुरू कर दिया। तभी उधर से गुजर रहे व्यापार अधिकार मंच के अमर प्रकाश व जगदीश माखेजा ने स्थानीय व्यापारियों व उधर से जा रहे लोगों, सुरक्षा कर्मियों के साथ मिलकर बचाव में सहभागिता की। तमाम राहगीरों ने भी मानवता का कर्तव्य निभाया।व्यापार अधिकार मंच के संयोजक सुशील जायसवाल, महानगर प्रभारी विश्व प्रकाश “रूपन ” जिला प्रभारी कमल कौशल ने घायलों के प्रति संवेदना प्रकट करते उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।