विश्व कल्याण के लिए मां सरयू को अर्पित की गई 1100 मीटर चुनरी

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-मां सरयू की कृपा से सभी मनोकामनाएं होती हैं पूर्ण -लल्लू सिंह


अयोध्या। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या में अधिक मास के पुण्य पर्व पर रविवार को श्रद्धा, आस्था और सनातन संस्कृति का अनुपम वैभव देखने को मिला। विश्व शांति, मानव कल्याण और समस्त सृष्टि के मंगल की कामना के साथ आयोजित 25 दिवसीय श्री श्री 1008 श्री विष्णु महायज्ञ का समापन मां सरयू के तट पर भव्य एवं आध्यात्मिक आयोजनों के बीच हुआ।

कच्चा घाट पर आयोजित कार्यक्रम में मां सरयू का विधि-विधान से दुग्धाभिषेक किया गया, भव्य आरती उतारी गई तथा 1100 मीटर लंबी चुनरी और 251कि पुष्पमाला अर्पित कर विश्वकल्याण का संकल्प दोहराया गया।सायंकाल सरयू तट पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और जयघोषों के बीच मां सरयू का पूजन एवं दुग्धाभिषेक किया गया। इसके पश्चात श्रद्धालुओं ने मां सरयू को 1100 मीटर लंबी चुनरी अर्पित कर अपनी श्रद्धा निवेदित की। वहीं पुष्पों से निर्मित विशाल माला भी समर्पित की गई, जिससे पूरा घाट भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो उठा। दीपों की अलौकिक आभा और सरयू आरती की दिव्य छटा ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने कहा कि मां सरयू केवल अयोध्या की जीवनधारा ही नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र हैं। उन्होंने कहा कि मां सरयू की कृपा से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। विश्व के विभिन्न भागों में व्याप्त अशांति, संघर्ष और युद्ध जैसी परिस्थितियों के बीच अयोध्या से विश्व शांति का यह संदेश अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि संत समाज की यह पहल मानवता के कल्याण की दिशा में एक प्रेरक प्रयास है।

इसे भी पढ़े  राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण की सुप्रीम कोर्ट निगरानी में हो जांच : अवधेश प्रसाद

अखिल भारतीय पंच तेरहभाई त्यागी खालसा खाक चौक तथा श्री संकट मोचन हनुमान किला के पीठाधीश्वर महंत परशुराम दास महाराज ने कहा कि अधिक मास का विशेष आध्यात्मिक महत्व है। लगभग तीन वर्ष में एक बार आने वाला यह अतिरिक्त मास साधना, जप, तप और पुण्य कार्यों के लिए अत्यंत फलदायी माना गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विश्व अनेक संकटों और संघर्षों से गुजर रहा है। इसी कारण 25 दिवसीय विष्णु महायज्ञ का आयोजन विश्व शांति और जनकल्याण के संकल्प के साथ किया गया।

महायज्ञ के समापन पर मां सरयू को चुनरी और पुष्पमाला अर्पित कर समस्त मानवता के सुख, समृद्धि और शांति की कामना की गई। कार्यक्रम के मुख्य यजमान राम कुमार पाल ने कहा कि मां सरयू की कृपा से असंभव प्रतीत होने वाले कार्य भी सहज रूप से पूर्ण हो जाते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मां सरयू के आशीर्वाद से विश्व में व्याप्त अशांति का अंत होगा तथा मानवता पुनः सद्भाव, प्रेम और शांति के मार्ग पर अग्रसर होगी।

भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष विशाल सिंह बाबा ने आयोजन की सफलता के लिए संत समाज, श्रद्धालुओं और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करते हैं तथा लोकमंगल की भावना को सशक्त बनाते हैं।इस अवसर पर डॉ. एम.पी. यादव, ललित यादव, अनुपम मिश्रा, दारा सिंह यादव, मनोज यादव, भाजपा जिला मंत्री बबलू सिंह, कुंदन सिंह, धर्मेंद्र यादव, भूगूल यादव सहित बड़ी संख्या में संत-महात्मा, श्रद्धालु, मातृशक्ति एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

You may also like

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya