-गेहूं की मड़ाई करने के बाद ट्रैक्टर से घर वापस लौट रहा था युवक
मिल्कीपुर-अयोध्या। खंडासा थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में एक युवक की ट्रैक्टर पलटने से मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक गेहूं की मड़ाई करने के बाद ट्रैक्टर से घर वापस लौट रहा था। तभी पंचायत भवन के पास ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर गड्ढे में जा पलटा। हादसे में युवक ट्रैक्टर के नीचे दब गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
मौके पर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने आनन-फानन में उसे बाहर निकाला और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोहावल पहुंचाया, जहां मौजूद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मृतक की पहचान धुर्वेंद्र कुमार सिंह पुत्र नरेंद्र सिंह, निवासी ग्राम कंदई कला, थाना खंडासा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना करीब दोपहर 3 बजे के आसपास की है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है।मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने परिवार में दो भाइयों में से एक था। स्थानीय पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।