-रामनवमी मेले के दौरान श्रद्धालुओं के पर्स व मोबाइल चोरी की मिल रही थी शिकायते
अयोध्या। रामनवमी मेले के दौरान श्रद्धालुओं के पर्स व मोबाइल चोरी की लगातार मिल रही शिकायतों के बीच कोतवाली अयोध्या पुलिस ने महिला चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। चार महिला आरोपितों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान शत-प्रतिशत बरामद करने में सफलता प्राप्त की है। सरयू नया पुल अयोध्या-बस्ती हाईवे किनारे से शनिवार को कमलावती, जानकी, सिंगेश्वरी और शांति देवी को गिरफ्तार किया गया।
वे बिहार के गोपालगंज और सिवान जनपद की निवासी बताई जा रही हैं। मेले में भीड़ का फायदा उठाकर श्रद्धालुओं के पर्स, मोबाइल व अन्य सामान चोरी करती थीं। मामले में कोतवाली अयोध्या में तीन अलग-अलग केस दर्ज थे, जिनमें बरामदगी की धाराएं बढाई गई हैं। उनके पास से एक रेडमी मोबाइल, एक रियलमी नार्जो मोबाइल, एक नोकिया कीपैड फोन, 17 हजार रुपये नकद, दो लेडीज हैंडबैग, दो पर्स, चार कृत्रिम मोती की माला, पांच चाभियां तथा दो आधार कार्ड बरामद किए गए है।