अयोध्या। कोतवाली अयोध्या क्षेत्र के पुराने सरयू पुल से बुधवार को एक महिला ने नदी में छलांग लगा दी। घाट पर मौजूद नाविकों की नजर पड़ी और हल्ला मचा। घाट पर तैनात पीएससी बाढ़ राहत दल के जवानों और स्थानीय नागरिकों ने महिला को सकुशल बाहर निकाल लिया। महिला अपनों की बेरुखी से परेशान थी और आत्महत्या के लिए उसने सरयू में छलांग लगाई थी। पुराने सरयू पुल के मध्य पिलर नंबर 4 के पास बुधवार की सुबह लगभग 9 बजे समीज सलवार पहने एक महिला ने अचानक पुल से सरयू नदी में छलांग लगा दी। महिला के नदी में गिरने से छपाक की आवाज हुई तो घाट पर मौजूद नाविकों की नजर उधर गई। हल्ला मचा तो घाट पर ड्यूटी पर मौजूद 32 बटालियन सीएससी फ्लड कंपनी के जवान भी सक्रिय हो गए।स्थानीय नाविकों की मदद से पीएसी के जवानों ने नदी में कूदी महिला को सकुशल बाहर निकाल लिया। अयोध्या कोतवाली की नयाघाट चौकी पुलिस ने महिला को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। बताया गया कि नदी में छलांग लगाने वाली 52 वर्षीय महिला नरगिस पत्नी इलम अब्बास निवासी दिल्ली दरवाजा कोतवाली नगर की निवासी है।पारिवारिक कलह से परेशान महिला ने सरयू नदी में कूदकर आत्महत्या के लिए यह कदम उठाया। अयोध्या कोतवाल सुरेश पांडेय ने बताया कि मामले की जानकारी पर सक्रिय बाढ़ राहत दल के जवानों मुन्नालाल व अवनीश मिश्रा ने डब्लू मांझी,देवी माझी तथा रामजतन मांझी की मदद से महिला को बचा लिया। महिला को उपचार के लिए भर्ती कराया गया।
12