1
-छात्राओं के लिए पोषण जागरूकता कार्यक्रम में कुलपति ने छात्राओं को दिए कई अहम टिप्स
अयोध्या,। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में कुलाधिपति आनंदी बेन पटेल के दिशा-निर्देशन में 10 अगस्त को आयोजित होने वाले “मां-बेटी सम्मेलन” से पूर्व पोषण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस मौके पर कुलपति डॉ ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने बतौर मुख्यअतिथि कहा कि छात्राओं की स्वास्थ्य जांच सदैव समय-समय पर होना चाहिए। उन्होंने छात्राओं को नसीहत दिया कि मोबाइल का उपयोग कम से कम करें। कुलपति ने कुछ छात्राओं के कम ब्लड सुगर पर चिंता जताते हुए कहा कि छात्राओं को अपने खान-पान और रोजाना के दिनचर्या में बदलाव लाने की जरूरत है। बीमारियां बढ़ेंगी तो पढ़ाई के साथ-साथ अन्य कार्यों को करने की क्षमता भी घटेगी।
उन्होंने कहा कि छात्राएं विवि की सुविधाओं का लाभ उठाएं, जिम करें और शरीर को फिट रखें। कुलपति ने महिला छात्रावास के वार्डनों को नसीहत दिया कि वे छात्रावासों में आटे में सहजन का पावडर मिलाकर खिलाएं जिससे इम्युनिटी सिस्टम मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि कुपोषण के प्रति सरकार पूरी तरह से सख्त है और इसके लिए कई अभियान भी चलाए जा रहे हैं।
अधिष्ठाता डा. साधना सिंह ने बताया कि लगभग आधा दर्जन छात्रावासों के 350 छात्राओं का रक्त परीक्षण एवं स्वास्थ्य जांच की गई है। जांच में लगभग 48 प्रतिशत छात्राओं का सुगर सामान्य पाया गया जबकि 50.15 प्रतिशत महिलाओं में मध्यम एनीमिया की शिकायत पाई गई। 82.07 प्रतिशत छात्राओं में रक्त चाप व ब्लड प्रेशर सामान्य पाया गया।
डा. नेहा सिंह ने एनीमिया के लक्षण व रोकथाम को लेकर विस्तार से छात्राओं को जानकारी दी। अधिष्ठाता डा. साधना सिंह के संयोजन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डा. अनीशा वर्मा व अधिष्ठाता डा. नमिता जोशी ने सभी अतिथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। इस मौके पर डीएसडब्ल्यू डा. डी. नियोगी, अधिष्ठाता डा. सी.पी सिंह, सचिव डा. जसवंत सिंह, डा. सत्यव्रत सिंह, महिला छात्रावास की वार्डन व छात्राएं मौजूद रहीं।