-फ़ैज़ाबाद पब्लिक स्कूल में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता पर एक प्रेरक एवं संवादात्मक सत्र का आयोजन

अयोध्या। फ़ैज़ाबाद पब्लिक स्कूल में कक्षा 11 एवं 12 के विद्यार्थियों के लिए मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता पर एक प्रेरक एवं संवादात्मक सत्र का आयोजन किया गया। सत्र को संबोधित करते हुए प्रख्यात मानसिक स्वास्थ्य प्रशिक्षक एवं लाइफ कोच प्रो. विवेक तिवारी ने कहा, “सफलता की पहली सीढ़ी अपने विचारों पर नियंत्रण है।” उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि व्यक्ति का जीवन उसके विचारों से निर्मित होता है और सकारात्मक सोच ही सफलता एवं संतुलित जीवन की आधारशिला है। कार्यक्रम का शुभारम्भ विद्यालय के प्रबंधक उमर मुस्तफ़ा एवं प्रधानाचार्य के. के. मिश्रा द्वारा अतिथि के स्वागत के साथ हुआ।

अपने संबोधन में प्रो. विवेक तिवारी ने कहा कि हम क्या देखते हैं, क्या पढ़ते हैं और किन लोगों की संगति में रहते हैं, यही हमारी सोच और भविष्य की दिशा निर्धारित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से विचारों की नकारात्मकता से दूर रहने, भावनाओं पर नियंत्रण रखने तथा सकारात्मक मानसिकता विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने तकनीक का विवेकपूर्ण उपयोग करने, अनावश्यक स्क्रीन टाइम कम करने और अपने लक्ष्य पर पूरी एकाग्रता बनाए रखने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने कहा कि माता-पिता और शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन के सबसे बड़े मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत होते हैं।
सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की तथा मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन और भावनात्मक संतुलन से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे। प्रो. तिवारी ने उन्हें दैनिक जीवन की चुनौतियों का आत्मविश्वास और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ सामना करने के व्यावहारिक उपाय भी बताए।
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन फ़लक एवं आराध्या त्रिपाठी ने किया, जबकि सुश्री फ़िज़ा ख़ान ने कार्यक्रम का सफल समन्वय किया। अंत में प्रधानाचार्य श्री के. के. मिश्रा ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए प्रो. विवेक तिवारी को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का समापन इस संदेश के साथ हुआ कि अपने विचारों को सकारात्मक रखें, भावनाओं पर नियंत्रण रखें और अपने सपनों का भविष्य स्वयं गढ़ें.