अयोध्या। नगर कोतवाली और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने कार सवार दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से लगभग 140 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। प्रकरण में आबकारी अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज करवा चालान किया है।
पुलिस अधीक्षक नगर चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर मनोज कुमार शर्मा और आबकारी निरीक्षक सदर अरविन्द कुमार शुक्ला की संयुक्त टीम ने लखनऊ हाईवे स्थित जनौरा कट से एक कार सवार दो लोगों को पकड़ा है। तलाशी के दौरान कार से रायल ग्रीन ब्रान्ड की
750 एमएल 76 बोतल, 375 एमएल 190 शीशी, 180 एमएल की 68 शीशी अर्थात कुल 140.49 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई है।
पकड़े गए लोगों ने अपना नाम पता अनुराग सोनी 23 मूल निवासी ग्राम पोहिला थाना बडहलगंज जनपद गोरखपुर हाल पता सिंधुवापार थाना बडहलगंज जनपद गोरखपुर व पंजाबी कालोनी पैडलेगंज थाना कैन्ट जनपद गोऱखपुर और शमशाद अहमद 30 वर्ष निवासी ग्राम अतरसांवा खुर्द उसरी थाना दोहरीघाट जनपद मऊ बताया है।
एसपी सिटी ने बताया कि अनुराग के खिलाफ पहले से मथुरा जनपद के थाना मांट में उत्तर प्रदेश उत्पाद-शुल्क/आबकारी अधिनियम के तहत एक मामला दर्ज मिला है। दोनों के नगर कोतवाली में आबकारी अधिनियम के तहत नामजद रिपोर्ट दर्ज करवा चालान किया गया है। साथ ही पुलिस ने कार को सीज किया है।