अयोध्या। जनपद की अयोध्या कोतवाली पुलिस ने परिक्रमा मार्ग स्थित एक होटल में हुई चोरी के मामले में होटल के कर्मी समेत दो को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चुराया गया सामान बरामद किया है।
क्षेत्राधिकारी अयोध्या आशुतोष तिवारी ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अयोध्या पंकज कुमार सिंह की पुलिस टीम ने मौनी बाबा अंडर पास से मदरहिया जाने वाले कच्चे रास्ते स्थित प्लाट की बाउंड्री से विवेक सिंह निवासी शुगर मिल कालोनी मनकापुर रोड थाना नबावगंज जनपद गोंडा और सांवली पाण्डेय उर्फ राजू पाण्डेय निवासी देवाचक गुप्कापुर थाना फखरपुर जनपद बहराइच को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से पुलिस ने हैवल्स कंपनी का पांच लायड एसी, पांच लायड एलईडी टीवी, पांच महाराजा व्हाइट लाईन गीजर बरामद किया है। पूछताछ में इन लोगों ने चोरी की बात कबूल की है।
उन्होंने बताया कि प्रकरण में पीड़ित ने अपने परिक्रमा मार्ग पर स्थित होटल से वहां पर काम करने वाले राजू पाण्डेय व उनके साथी द्वारा लायड कंपनी की एसी, लायड कंपनी की टीवी तथा गीजर चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने दर्ज चोरी के मुकदमें में बरामदगी की धारा बढ़ाते हुए दोनों का श्रीराम अस्पताल में मेडिकल परीक्षण करवा चालान किया है।