-घर पर ही खोल रखा था काल सेंटर
अयोध्या। डीजीपी के निर्देश पर चलाए जा रहे साइबर बज्र अभियान के तहत जिला पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग के माध्यम से साइबर ठगी का खुलासा किया है। मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है,जबकि एक की तलाश है। पुलिस ने ठगी गई 63 लाख रुपए की रकम फ्रीज कराई है।
एसएसपी डॉ गौरव ग्रोवर ने बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि साइबर क्राइम और मवई थाना की संयुक्त पुलिस टीम ने म्यूल खातों की जांच के दौरान मिले सुराग के आधार पर मवई चौराहा के पास स्थित बस स्टॉप से अकील अहमद उर्फ उर्फी निवासी बसौढ़ी थाना पटरंगा,अयोध्या व अमन खान निवासी ग्राम ककरहाबाद जवारहर नगर थाना कोतवाली नगर जनपद उन्नाव को गिरफ्तार किया है।
यह लोग गेमिंग ट्रेडिंग बेवसाइट प्लेयर्स 77 डॉट काम बेवसाइट के माध्यम से लोगों को गेम खेलवा रहे थे और दुगुना तीनगुना रकम जीतने का झांसा दिया जा रहा था। जीती गई रकम की वापसी के लिए टैक्स,सर्विस चार्ज आदि के नाम पर और रकम ऐंठी जा रही थी। इसके लिए अकील के आवास मवई चौराहा पर एक काल सेंटर संचालित किया जा रहा था।
पुलिस ने इनके पास से छह मोबाइल,एक टैबलेट,चार्जर व डाटा केबल,इलेक्ट्रानिक डिवाइस से 11 हजार लोगों के गेमिग के आईडी व पासवार्ड व इनके द्वारा लगाये जाने वाले रुपये व विद्ड्राल मनी आदि का विवरण मिला है। बरामद फोन से व्हाट्सअप चैट और कालिंग का रिकॉर्ड हासिल हुआ है। पकड़े गए अकील अहमद के विभिन्न बैंक के पांच खातों की जांच की जा रही है।
उसके रानीमऊ स्थित बैंक आंफ बड़ौदा खाते में छह लाख और एक संदिग्ध एचडीएफसी बैंक खाते में 57 लाख रुपए की रकम फ्रीज कराई गई है। एसएसपी ने बताया कि मामले में पुलिस ने धोखाधड़ी और फर्जीवाड़ा तथा आईटी एक्ट के तहत नामजद रिपोर्ट दर्ज करवा दोनों का चालान किया है। इनके एक साथी सुफीयान की तलाश कराई जा रही है।