पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर बस को ट्रक ने मारी टक्कर, तीन की मौत

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-पांच गंभीर, मेडिकल कॉलेज दर्शननगर रेफर , पुलिस जांच में जुटी

मिल्कीपुर। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे थाना बल्दीराय क्षेत्र में माइलस्टोन 96.6 के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। गुड़गांव से बिहार जा रही यात्रियों से भरी बस को पीछे से आए अज्ञात ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग घायल हुए हैं। घायलों में पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज दर्शननगर रेफर किया गया।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और यूपीडा के सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को उपचार के लिए शव शैय्या संयुक्त चिकित्सालय कुमारगंज लाया गया। यहां सीएमओ डॉ. रवि पांडेय, डॉ. प्रवीण बरनवाल, डॉ. अनमोल पाठक और डॉ. संदीप कुमार ने घायलों का उपचार किया।

सूचना पर कुमारगंज पुलिस भी अस्पताल पहुंची। थानाध्यक्ष सुरेश कुमार पटेल, कृषि विश्वविद्यालय चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह, उपनिरीक्षक गौरव पांडेय सहित पुलिस टीम ने घायलों से घटना की जानकारी ली।

पुलिस के अनुसार बस में सवार यात्री गुड़गांव से गोरखपुर और बिहार जा रहे थे और रक्षाबंधन पर्व मनाने के लिए अपने घर लौट रहे थे। यात्रियों ने बताया कि चालक एक्सप्रेस-वे पर बीच-बीच में बस रोक रहा था। यात्रियों के मना करने के बावजूद चालक ने बस रोकना जारी रखा। इसी दौरान अचानक बस रोके जाने पर पीछे से तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसमें टक्कर मार दी।
मेडिकल कॉलेज दर्शननगर रेफर किए गए घायलों में रेखा पत्नी चुनचुन राम, देव मुसाफिर, दिनेश, सूरज मंडल और वीरेंद्र कुमार चौधरी शामिल हैं। पुलिस ने मृतकों की पहचान श्यामलाल मंडल, विनोद मंडल (50) और किरण देवी (60) के रूप में की है। तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।

इसे भी पढ़े  विद्युत व्यवस्था में सुधार को लेकर विधायक ने अधिकारियों को दिए निर्देश

अज्ञात वाहन की तलाश में पुलिस एक्सप्रेस-वे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच के साथ फरार वाहन चालक की तलाश में जुटी है।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya