-सांसद सहित बड़ी संख्या में सपाइयों ने दी अंतिम विदाई
मिल्कीपुर ।समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव एवं मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र की सेंधू तारा ग्राम पंचायत के कई बार प्रधान रहे डॉ. माखनलाल यादव का बुधवार देर शाम आकस्मिक निधन हो गया। लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे डॉ. यादव का उपचार चल रहा था। बुधवार देर शाम उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही समाजवादी पार्टी सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
बृहस्पतिवार को सेंधू तारा ग्राम पंचायत में गमगीन माहौल के बीच डॉ. माखनलाल यादव का अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता, समर्थक और क्षेत्रीय लोग पहुंचे। सांसद अवधेश प्रसाद ने भी अंतिम संस्कार में शामिल होकर डॉ. यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया।
सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि डॉ. माखनलाल यादव का निधन समाजवादी पार्टी और हम सभी के लिए बेहद पीड़ादायक और अपूरणीय क्षति है। वह पार्टी के बेहद कर्मठ, जुझारू और समर्पित नेता थे। उन्होंने पूरी निष्ठा के साथ समाजवादी विचारधारा और संगठन को मजबूत करने का काम किया। ग्राम पंचायत के प्रधान के रूप में भी उन्होंने जनता की सेवा को अपना धर्म समझकर कार्य किया।
उन्होंने कहा कि डॉ. यादव का सहज, सरल और मिलनसार व्यक्तित्व हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहेगा। उनके निधन से हमने एक समर्पित साथी और संघर्षशील जनसेवक खो दिया है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें। समाजवादी पार्टी इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़ी है। सपा के निवर्तमान प्रवक्ता लवलेश पांडेय ने बताया अंतिम संस्कार में निवर्तमान जिला अध्यक्ष पारसनाथ यादव, पूर्व प्रत्याशी अजीत प्रसाद, पूर्व मंत्री आनंद सेन यादव, ब्लॉक प्रमुख अंकुर सेन यादव, सपा नेता राघवेंद्र प्रताप सिंह अनूप,निवर्तमान जिला महासचिव बख्तियार खान, डॉ राम सुमेर भारती सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने नम आंखों से अपने साथी को अंतिम विदाई दी।
डॉ. माखनलाल यादव समाजवादी पार्टी के उन नेताओं में रहे, जिन्होंने लंबे समय तक संगठन के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम किया। वह पार्टी की समाजवादी विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने और कार्यकर्ताओं को जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाते रहे। कई बार ग्राम प्रधान रहकर उन्होंने क्षेत्र की जनता के बीच अपनी अलग पहचान बनाई।
अंतिम संस्कार के दौरान सेंधू तारा में माहौल बेहद भावुक रहा। परिजन, समर्थक और पार्टी कार्यकर्ता उन्हें याद कर भावुक नजर आए। हर आंख नम थी और हर जुबां पर डॉ. माखनलाल यादव की स्मृतियां थीं। पंचतत्व में विलीन हुए डॉ. यादव को समाजवादी साथियों और क्षेत्रवासियों ने नम आंखों से अंतिम विदाई दी।