फतेहगंज ओवरब्रिज के नीचे बनेगा खेल पार्क, मिलेगी पार्किंग की सुविधा

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-2.61 करोड़ रुपये की लागत से होगा सुंदरीकरण व अन्य कार्य, 100 कार और 152 बाइक खड़ी करने की होगी व्यवस्था

अयोध्या। रामनगरी के विकास कार्यों की कड़ी में फतेहगंज जीआईसी ओवरब्रिज के नीचे खाली पड़ी जगह को अब पार्क और पार्किंग के रूप में विकसित किया जाएगा। राज्य स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत यहां 2.61 करोड़ रुपये की लागत से सुंदरीकरण कार्य कराया जाएगा। परियोजना का शिलान्यास गुरुवार को महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार के साथ वैदिक रीति-रिवाज से नारियल फोड़कर किया।

परियोजना के तहत ओवरब्रिज के नीचे पार्क, फुटपाथ और अन्य नागरिक सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इसके साथ ही वाहनों की पार्किंग के लिए भी पर्याप्त स्थान उपलब्ध कराया जाएगा। प्रस्तावित पार्किंग में करीब 100 कार और 152 बाइक खड़ी की जा सकेंगी। इससे आसपास के क्षेत्र में सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से खड़े होने वाले वाहनों की समस्या से भी काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।

परियोजना की खास बात यह होगी कि यहां बच्चों और युवाओं के लिए खेल सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। पार्क को मिनी स्टेडियम के स्वरूप में विकसित करते हुए क्रिकेट नेट प्रैक्टिस एरिया बनाया जाएगा। इससे शहर के बच्चों और उभरते खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए बेहतर स्थान मिल सकेगा। पार्क में फुटपाथ समेत हरित क्षेत्र विकसित कर लोगों के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने की भी योजना है।

शिलान्यास समारोह में महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने कहा कि नगर निगम शहर के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रहा है। शहर में उपलब्ध संसाधनों और खाली स्थानों का बेहतर उपयोग कर नागरिकों को अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नगर निगम विकास कार्यों को लेकर 24 घंटे तत्पर है।

इसे भी पढ़े  विद्युत आपूर्ति संबंधित समस्याओं का शीघ्र कराए निस्तारण: शशांक त्रिपाठी

महापौर ने कहा कि शहर के अन्य फ्लाईओवरों के नीचे उपलब्ध स्थानों को भी इसी तरह विकसित करने की दिशा में काम किया जाएगा। इन स्थानों का उपयोग पार्किंग के साथ-साथ बच्चों और युवाओं के लिए खेल गतिविधियों के केंद्र के रूप में किया जा सकता है। इससे एक ओर पार्किंग की समस्या कम होगी, वहीं दूसरी ओर लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार पांडेय ने बताया कि फतेहगंज ओवरब्रिज के नीचे विकसित होने वाला यह स्थान आसपास के लोगों के लिए बहुउद्देशीय सुविधा केंद्र के रूप में उपयोगी साबित होगा। सुंदरीकरण के बाद क्षेत्र की तस्वीर बदलने के साथ ही यातायात व्यवस्था को भी व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त भारत भार्गव, उपसभापति संतोष सिंह, क्षेत्रीय पार्षद हरिश्चंद्र गुप्ता, वरिष्ठ पार्षद अनिल सिंह, विशाल पाल, चंदन सिंह, सूर्यकुमार तिवारी सूर्या, सुशील मिश्रा बबलू, अनीता द्विवेदी, ज्ञान केसरवानी, अजय पांडेय, पूर्व पार्षद मनोज श्रीवास्तव, भाजपा मंडल अध्यक्ष रवि सोनकर, नीलकमल अग्रवाल, मनमोहन जायसवाल, शिवकुमार गुप्ता, संजय गुप्ता, दुर्गा केसरवानी, अनुभव जायसवाल, रामनंदन तिवारी, मुकेश अग्रहरि समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya