जानलेवा हमले में तीन आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल कारतूस बरामद

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

अयोध्या। रौनाही थाना क्षेत्र के तहसीनपुर टोल प्लाजा के पास 26 अगस्त की देर रात हुई फायरिंग और जानलेवा हमले में पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त .32 बोर की अवैध देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पूर्व में पुलिस ने दो आरोपियों को काली थार और पिस्टल के साथ गिरफ्तार कर चालान किया था।

अब गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजा सिंह उर्फ अखण्ड प्रताप सिंह (23) निवासी धिरौली बाबू, थाना छावनी, बस्ती, करन सिंह उर्फ शौर्य प्रताप सिंह (20) निवासी नेश्वर पट्टी शंकरपुर, थाना छावनी, बस्ती और श्याम सिंह उर्फ स्वप्निल सिंह (23) निवासी बेलाड़ी, थाना नगर, बस्ती के रूप में हुई है।

टोल प्लाजा पर विवाद के बाद हुई थी फायरिंग

पुलिस के मुताबिक, 26 अगस्त की रात करीब 2:15 बजे रौनाही थाना क्षेत्र के तहसीनपुर टोल प्लाजा के पास काली रंग की थार सवार युवकों ने टोल बैरियर तोड़कर निकलने का प्रयास किया था। इस दौरान टोल कर्मचारियों से विवाद के बाद आरोपियों ने फायरिंग की थी,जिसमें रौनाही गांव निवासी मो सूफियान गोली लगने से घायल हुआ था। घायल मो. सुफियान के भाई शादाब ने आरोप लगाया था कि विवाद में बीच बचाव करने पहुंचे उसके भाई के साथ गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी देते हुए जबरन खींचकर काली रंग की थार में बैठाने का प्रयास किया गया। विरोध पर उसको गोली मार दी गई।

प्रकरण में रौनाही पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर तहकीकात शुरू की तीनोर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की। रविवार को दो आरोपियों को पकड़ा था और सोमवार को पुलिस ने फतेहपुर सरैया मोड़ के पास से इन तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए राजा सिंह उर्फ अखण्ड प्रताप सिंह के खिलाफ बस्ती, बाराबंकी और अयोध्या के विभिन्न थानों में पहले से मारपीट, बलवा, धमकी, नुकसान पहुंचाने और अन्य के कई मुकदमे दर्ज मिले हैं।

इसे भी पढ़े  छह उपनिरीक्षक समेत सात सेवानिवृत्त,भावभीनी विदाई

न्याय के लिए लखनऊ में टावर पर चढ़ा युवक

अयोध्या। जमीन संबंधी विवाद में जनपद पुलिस की एकतरफा कार्रवाई से नाराज एक युवक सोमवार को लखनऊ के हजरतगंज स्थित दारूलसफा टावर पर दो बोतल पेट्रोल लेकर चढ़ गया। युवक ने आत्मदाह की धमकी देकर पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मचा दिया। सूचना मिलते ही हजरतगंज पुलिस के साथ फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चला युवक को सुरक्षित नीचे उतारा।

बताया गया कि अयोध्या जनपद के बाबा बाजार थाना क्षेत्र स्थित रामपुर जनक गांव निवासी युवक ठाकुर अंकित सिंह का अपने पटीदारों से जमीन संबंधी विवाद चल रहा है। युवक का आरोप है कि उसके बड़े पापा आर्थिक रूप से सक्षम हैं,जिसके कारण पुलिस उनका पक्ष ले रही है। उसकी दुकान पहुंच पटीदारों ने उसके साथ मारपीट की। इस दौरान उसके दांत टूट गए और सिर में गंभीर चोट आई। युवक का कहना है कि घटना के बाद उसने पुलिस से शिकायत की,लेकिन पुलिस ने उचित कार्रवाई नहीं की । बल्कि पुलिस ने उसके, उसके भाई और पिता के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर दिया।

युवक के टावर पर चढ़ने और उसके पास पेट्रोल की बोतलें होने की सूचना मिलते ही हजरतगंज पुलिस और फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और फायर कर्मियों ने युवक से बातचीत शुरू की और उसे समझाने का प्रयास किया। करीब एक घंटे तक चले प्रयास और मान मनौव्वल के बाद टीम ने युवक को सुरक्षित नीचे उतारा।

युवक को नीचे उतारने के बाद पुलिस ने उसे अपने कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामला जमीनी विवाद और दो पक्षों के बीच मारपीट से जुड़ा बताया जा रहा है। इसी वर्ष जून माह में रामपुर जनक में अंकुर सिंह के साथ मारपीट की घटना सामने आई थी। हमले में उसके सिर में चोट लगी, दांत टूट गया तथा पैर और कमर में भी चोटें आईं। उसको इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तब अंकुर सिंह ने बताया था कि उसके बाबा ने अपनी जमीन उसके नाम वसीयत कर दी थी। इसी बात से बड़े पापा और उनका परिवार चिढ़ा हुआ है तथा रंजिश मान रहा है। जिसको लेकर आए दिन मारपीट और प्रताड़ना की जाती है। मामले की जानकारी लखनऊ पुलिस ने अयोध्या पुलिस को दी है।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya