-पीड़ित महिलाओं को कुलाधिपति की तरफ़ से दी गई ठंड में जरूरी सामग्री
अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय द्वारा कुलपति कर्नल डॉ. बिजेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में राजकीय महिला शरणालय, भीखापुर में रह रहे संकटग्रस्त, निराश्रित, एवं घरेलू हिंसा या नैतिक संकट से पीड़ित महिलाओं को कुलाधिपति की तरफ़ से ठंड में जरूरी सामग्री भेंट की गई। कुलाधिपति एवं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल द्वारा गुरुवार को विश्वविद्यालय में समीक्षा बैठक के उपरांत प्रदान की गई सामग्री जैसे गर्म कपड़े, रजाई, एवं रूम हीटर का वितरण विश्वविद्यालय के अधिकारियों द्वारा किया गया।
कुलसचिव विनय कुमार सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय परिवार नैतिक दायित्वों के तहत महिला शरणालय में रह रही महिलाओं व अनाथ बच्चों को यह सहयोग भविष्य में भी करता रहेगा। उन्होंने बताया कि कुलाधिपति के विज़न के अनुरूप नारी संरक्षण गृह में रह रहे सभी सदस्यों के पोषण एवं संरक्षण का दायित्व हम सभी का है, इसके लिए सभ्य समाज में हिंसा, उपेक्षा और भेदभाव का कोई स्थान नहीं होना चाहिए। इस अवसर पर वित्त अधिकारी पूर्णेंदु शुक्ला, उप-कुलसचिव अजय कुमार गौतम एवं डॉ. रीमा श्रीवास्तव, डॉ. दिनेश कुमार सिंह, आदि उपस्थित रहे।