-महापौर के नेतृत्व में होगी जन-जागरूकता पदयात्रा, सर्वाधिक नागरिक सहभागिता के पांच वार्डों को मिलेगा 10-दस लाख का पुरस्कार
अयोध्या। रामनगरी को स्वच्छता के पैमाने पर देश के शीर्ष दस शहरों में शामिल कराने के लक्ष्य को लेकर आगामी 31 मई को रामनगरी में विशाल स्वच्छता महाअभियान चलाया जाएगा। इसके तहत प्रत्येक परिवार अपने घर के आसपास एवं सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई में भागीदारी करेगा। इसके लिए माननीय पार्षद गण एवं नगर निगम की टीम विभिन्न माध्यमों से जनसंपर्क करेगी। यह जानकारी महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने मंडलायुक्त कार्यालय परिसर स्थित गांधी सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी। इस अवसर पर उन्होंने श्एक रविवार, हर परिवार, करे गंदगी पर प्रहारश् एवं श्सिर्फ 30 मिनट अपनी अयोध्या के नामश् अभियान के पोस्टर और बैनर का लोकार्पण भी किया।
महापौर ने बताया कि नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार के निर्देशन में नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके अंतर्गत 21 मई से व्यापक जनजागरूकता अभियान प्रारंभ किया जाएगा। इसके तहत सुबह 7.00 बजे पदयात्रा निकाली जाएगी और सायंकाल समाज के प्रबुद्ध वर्ग के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस अभियान में समाज के सभी प्रबुद्धजन, सामाजिक संगठन, व्यापारी, छात्र-युवा, कर्मचारी वर्ग तथा प्रत्येक जागरूक नागरिकों का सहयोग लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नगर के सभी 60 वार्डों में 29 मई तक भ्रमण कर लोगों से 31 मई रविवार को सुबह 7.00 बजे से 7.30 बजे तक अपने घरों एवं आसपास के सार्वजनिक स्थलों की सफाई करने का आह्वान किया जाएगा। महापौर ने कहा कि यह अभियान केवल स्वच्छता तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य अयोध्या की एकता, सामाजिक जागरूकता और सामूहिक सहभागिता का संदेश पूरे विश्व तक पहुंचाना भी है। रामनगरी के नागरिक एक साथ मिलकर यह दिखाएंगे कि अयोध्या आस्था की नगरी के साथ अनुशासन, स्वच्छता और सामाजिक एकजुटता की भी प्रेरणास्थली है।
उन्होंने बताया कि इसके अलावा 25 मई को अयोध्या में लता चौक से श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के मुख्य द्वार तक संतों एवं संभ्रांत नागरिकों की विशाल रैली निकाली जाएगी, वहीं 29 मई की शाम को छात्र-युवा, व्यापारी, कर्मचारी एवं सामाजिक संगठनों की रैली गांधी पार्क से चौक तक आयोजित होगी। महापौर ने बताया कि स्वच्छता अभियान में सर्वाधिक भागीदारी करने वाले पांच वार्डों को आधारभूत संरचना विकास हेतु 10 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।
इसके अतिरिक्त द्वितीय श्रेणी के पांच वार्डों को जल-सुविधा संबंधी कार्यों का विशेष प्रोत्साहन दिया जाएगा। साथ ही प्रत्येक वार्ड से स्वच्छता के बेहतर मानकों पर खरे उतरने वाले एक परिवार को सम्मानित भी किया जाएगा। नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने बताया कि शहर भर में लगाए जाने वाले स्टीकरों पर क्यूआर कोड की सुविधा उपलब्ध होगी, जिसे स्कैन कर नागरिक इस महाअभियान में अपनी भागीदारी के लिए पंजीकरण कर सकेंगे।
नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडे ने बताया कि इससे पूर्व अभियान की तैयारियों को लेकर महापौर ने पार्षदों के साथ बैठक की तथा बाद में अभियान के प्रचार-प्रसार हेतु जागरूकता वाहन को भी रवाना किया। इस मौके पर सेंटर ऑफ इनवायरमेंट एजुकेशन की टीम ने स्वच्छता संबंधी नाट्य प्रस्तुति दी। महापौर ने टीम के सदस्यों को सम्मानित भी किया। टीम के सदस्यों ने महापौर को पेंटिंग भेंट की। इस अवसर पर उपसभापति संतोष सिंह, अपर नगर आयुक्त भारत भार्गव, सहायक नगर आयुक्त गुरु प्रसाद पांडे, सामाजिक संस्था राम का घर के प्रबंधक आलोक सिंह राना, इंद्रजीत सिंह बेदी मौजूद रहे।