-तुलसी उद्यान से निकली पदयात्रा, जगह-जगह लगाए गए स्टीकर , 31 मई को सार्वजनिक स्थलों एवं घरों के सामने सफाई का आह्वान
अयोध्या। शनिवार को महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने रामपथ स्थित तिवारी मंदिर से पदयात्रा निकाली। पदयात्रा छोटी छावनी,भक्तमाल, रायगंज जैन मंदिर, राजसदन होते हुए तुलसी उद्यान पहुंची। इस दौरान आमजन को आगामी 31 मई को सुबह सात बजे नगर निगम क्षेत्र में चलाए जाने वाले स्वच्छता के महाअभियान श्एक रविवार, हर परिवार, करे गंदगी पर वारश् में सहभागिता का संदेश दिया गया।
पदयात्रा के दौरान महापौर ने लोगों के घरों पर जाकर स्वच्छता में सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सफाई के मामले में नगर को देश के टॉप टेन महानगरों में लाने के लिए जन-जन की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि 31 मई को अपने घरों के आसपास महज आधा घंटा सफाई करने से नगर साफ-सुथरा तो होगा ही, इससे लगातार सफाई की प्रेरणा भी मिलेगी।
रामनगरी में जगह-जगह मिले सैकड़ों लोगों ने महापौर का न केवल स्वागत किया, बल्कि उन्हें 31 मई के अभियान में भागीदारी करने का भरोसा दिया।
नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडेय ने बताया कि एक घंटे चली पदयात्रा में ध्वनि विस्तारक वाहनों से सूचना भी प्रसारित की गई। घर-घर स्टिकर लगाए गए और अभियान में शामिल होने के लिए फॉर्म भरने की भी जानकारी दी गई।
इस यात्रा में अपर नगर आयुक्त भारत भार्गव के अलावा पार्षद प्रतिनिधि रिशु पांडेय, भाजपा मंडल अध्यक्ष मुकेश तिवारी, प्रतीक श्रीवास्तव, राधारमण त्रिपाठी, विनोद श्रीवास्तव, राहुल सिंह, अभय यादव, सूर्यमणि त्रिपाठी, राघवेंद्र त्रिपाठी, सुनील अवस्थी, निरंकार पाठक, सिद्धार्थ श्रीवास्तव, श्रीनिवास शास्त्री आदि शामिल थे।