– अब तक की प्रगति का लिया जायजा, फिनिशिंग कार्य पूरा करने के निर्देश
अयोध्या। महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने बुधवार को अधिकारियों के साथ नगर निगम के निर्माणाधीन नए भवन का निरीक्षण किया और अब तक कराए गए कार्यों को निकट से देखा। उन्होंने फिनिशिंग कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। महापौर अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, सहायक अभियंता सिविल राजपति यादव के साथ साढ़े 12 बजे नगर निगम के निर्माणाधीन कार्यालय भवन पहुंचे। यहां ठेकेदार बैग माइन इंटरप्राइजेज बरेली के परियोजना प्रबंधक महाराज शर्मा एवं पीएमसी दिवाकर के साथ सभी मंजिल पर जाकर प्रगति की जानकारी ली।
इस दौरान पाया गया कि नगर निगम एवं अयोध्या विकास प्राधिकरण का संयुक्त प्रशासनिक भवन लगभग बनकर तैयार हो चुका है। अब फिनिशिंग कार्य को अंतिम रूप दिया जा रहा है। नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडे ने बताया कि अत्याधुनिक ढंग से बनाए जा रहे इस भवन में रैंप का निर्माण कार्य चल रहा है, जबकि लिफ्ट लगाने की तैयारी हो चुकी है। बताया गया कि नगर निगम और एडीए का प्रवेश द्वार अलग-अलग होगा, हालांकि प्राधिकरण के हिस्से की बिल्डिंग में पांचवीं मंजिल नगर निगम की होगी। इसमें नगर आयुक्त का कार्यालय बनाया जाएगा यहीं सभी अपर आयुक्त भी बैठेंगे।
दो हिस्सों में बन रहा यह भवन पांच मंजिला होगा। इसमें सोलर पैनल का इस तरह से लगाया जाएगा कि बिजली जाने पर भी आधे घंटे का बैकअप मिल सके। यहां भूमिगत पार्किंग के साथ अत्यधिक अग्निशमन सुरक्षा एवं बेहतर जल प्रबंधन का भी इंतजाम किया गया है। इसके बेसमेंट में 292 वाहनों की पार्किंग की सुविधा शुरू होगी। महापौर ने अधिकारियों से फिनिशिंग कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। परियोजना प्रबंधक महाराज शर्मा ने नगर निगम को भवन हैंडओवर करने के लिए तीन माह का समय मांगा। इस दौरान पार्षद अभिनव पांडे भी थे।
जिले में बनेगा अत्याधुनिक बस डिपो, मंत्रीपरिषद से मिली मंजूरी
अयोध्या। जिले में सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल पर एक अत्याधुनिक बस डिपो का निर्माण किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए विधायक वेद प्रकाश गुप्ता लंबे समय से प्रयासरत थे। मंगलवार, 7 अप्रैल को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई मंत्रीपरिषद की बैठक में अयोध्या में आधुनिक सुविधाओं से युक्त बस डिपो के निर्माण को मंजूरी प्रदान कर दी गई।
मंत्रीपरिषद की स्वीकृति के बाद अब प्रशासन जल्द ही भूमि चयन सहित अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराएगा। प्रस्तावित बस डिपो में यात्रियों के लिए आधुनिक प्रतीक्षालय, स्वच्छ शौचालय, डिजिटल सूचना प्रणाली, पार्किंग सुविधा और बेहतर यातायात प्रबंधन जैसी व्यवस्थाएं रहेंगी। इससे अयोध्या आने-जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और परिवहन व्यवस्था अधिक सुगम व व्यवस्थित हो सकेगी।
विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने बताया कि अयोध्या के समग्र विकास की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अयोध्या को आधुनिक और व्यवस्थित शहर के रूप में विकसित किया जा रहा है। अत्याधुनिक बस डिपो बनने से न केवल यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने अयोध्या के संत-महंत व आमजन की ओर से योगी सरकार का आभार व्यक्त किया है।