अयोध्या। नगर कोतवाली पुलिस ने चोरी के एक मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी के पास से चुराया गया इलेक्ट्रिक और इलेक्ट्रानिक सामान बरामद किया है।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि पीड़ित की ओर से कोतवाली में इलेक्ट्रिक और इलेक्ट्रानिक सामान चोरी होने की शिकायत दी गई थी। शिकायत पर पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर मामले की विवेचना और आरोपी की तलाश में जुटी थी। चौकी प्रभारी फतेहगंज उपनिरीक्षक विकास गुप्ता और चौकी प्रभारी नवीन मंडी संजय यादव की पुलिस टीम ने मर्चरी हाउस के सामने से 26 वर्षीय आकाश यादव निवासी लक्ष्मी सागर के पीछे मोहल्ला लाल बाग थाना कोतवाली नगर को गिरफ्तार किया है।
इसके पास से पुलिस ने एक फायर इन्स्टीग्यूसर,बजाज कम्पनी का एक एग्झास्ट फैन,जिओ कम्पनी का एक एयर फाइबर बाक्स,तीन इलेक्ट्रिक तराजू, दो ग्रान्डर मशीन एक्सट्रीम कम्पनी की,दो इलेक्ट्रिक ट्रीमर, एक इलेक्ट्रिक प्लेनर टाप लाइन कम्पनी, ब्लैक हार्स कम्पनी का एक इलेक्ट्रानिक प्लेनर,हाईमैक्स कम्पनी की एक कटर मशीन और एक हरे रंग की कटर मशीन,दो एक्सटेन्शन बोर्ड,दो लैपटाप चार्जर,एक बन्डल केबल तथा एक सिलींग फैन बरामद किया है। दर्ज मुकदमें में बरामदगी की धारा बढ़ा आरोपी का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण करवा चालान किया है। उन्होंने बताया कि आकाश के खिलाफ पहले से नगर कोतवाली में मारपीट का मामला दर्ज मिला है।
दो गिरफ्तार, चोरी की बाइक बरामद
अयोध्या। जनपद की खण्डासा थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले का खुलासा किया है। चोरी के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चुराई गई मोटरसाइकिल बरामद की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने बताया कि खण्डासा थाना क्षेत्र से एक मोटरसाइकिल चोरी हुई थी। प्रकरण में पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस तहकीकात में जुटी थी।
सुरागरसी के आधार पर बक्शीगंज तिराहा, ग्राम बोडेपुर के पास से अर्जुन कुमार (26 वर्ष) एवं कृष्ण प्रताप सिंह उर्फ अमन सिंह (22 वर्ष) निवासीगण ग्राम खानपुर,थाना खण्डासा को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान इनके कब्जे से चोरी की होंडा एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद हुई है। दर्ज मुकदमें में बरामदगी की धारा बढ़ा आरोपियों का मेडिकल परीक्षण करवा चालान किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी अर्जुन कुमार का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ खण्डासा थाने में वर्ष 2021 में एनडीपीएस एक्ट का एक तथा चोरी व चोरी का सामान रखने का एक मुकदमा दर्ज मिला है।
मारपीट में तीन चोटिल, एक का शांति भंग में चालान
अयोध्या। जनपद के शहर क्षेत्र में हुए आपसी विवाद में कुल तीन लोग घायल हुए हैं। जिनका पुलिस ने जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया है। वही एक अन्य मामले में विवाद में शामिल शख्स का शांति भवन में चालान किया गया है। जिला अस्पताल प्रशासन का कहना है कि कैंट थाना पुलिस में थाना क्षेत्र के सदर बाजार निवासी 26 वर्षीय अमन कनौजिया पुत्र रामलाल 27 वर्षीय अभय यादव पुत्र स्वर्गीय राजकुमार तथा बेगमगंज गढ़िया निवासी 30 वर्षीय राजू निषाद पुत्र हृदय राम का मेडिकल परीक्षण कराया है इन सबको होंठ घुटने,हाथ आदि में चोट आई थी।
वहीं नगर कोतवाली पुलिस में विवाद में शामिल पूरा कलंदर थाना क्षेत्र के माधोपुर कोटसरा निवासी 40 वर्षीय अकबर अली पुत्र मुनव्वर अली के खिलाफ पाबंदी की कार्रवाई करते हुए उसका शांति भंग में चालान किया है।