-दशरथ समाधि स्थल स्थित बाढ़ राहत केंद्र का भी किया निरीक्षण, भोजन की गुणवत्ता परखी
अयोध्या,। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने सलेमपुर मुड़ाडीहा के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़ प्रभावित लोगों को उपलब्ध कराई जा रही राहत एवं सुविधाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने सबसे पहले दशरथ समाधि स्थल स्थित बाढ़ राहत केंद्र का निरीक्षण किया तथा वहां उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता को परखा। उन्होंने राहत केंद्र पर साफ-सफाई, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित लोगों से संवाद कर जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही राहत सामग्री, भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाओं सहित अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री का समय से वितरण सुनिश्चित किया जाए तथा राहत केंद्रों पर उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी न हो।
जिलाधिकारी ने पेयजल की व्यवस्था को लेकर निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा आवश्यकता के अनुसार क्लोरीन की गोलियां उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं के समयबद्ध टीकाकरण तथा पशुपालकों को पर्याप्त हरा चारा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में बच्चों की शिक्षा प्रभावित न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही बीमार एवं जरूरतमंद लोगों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश मुख्य चिकित्सा अधिकारी को दिए।
जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित लोगों की आवश्यकताओं पर निरंतर नजर रखते हुए राहत एवं बचाव कार्यों को पूरी तत्परता के साथ संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि बाढ़ की स्थिति में प्रभावित परिवारों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए और जिला प्रशासन द्वारा हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि/रा) अमित कुमार भट्ट, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेंद्र भिटौरिया, उप जिलाधिकारी आनंद कुमार तिवारी, तहसीलदार धर्मेंद्र सिंह एवं जिला आपदा विशेषज्ञ श्री यथार्थ तिवारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।