-अयोध्या रायबरेली फोरलेन पर बारुन बाजार में हुई सड़क दुर्घटना
मिल्कीपुर।अयोध्या-रायबरेली नेशनल हाईवे पर बारुन बाजार में शनिवार शाम एक तेज रफ्तार कार ने ऑटो रिक्शा को साइड से टक्कर मार दी। इस हादसे में ऑटो रिक्शा में सवार एक दंपती और उनके तीन बच्चे घायल हो गए। सभी घायलों को एनएचएआई की एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
स्थानीय पुलिस के अनुसार, ऑटो रिक्शा UP42 ET 7436 का चालक जितेंद्र कुमार पुत्र राजकरन, निवासी थाना क्षेत्र इनायतनगर, अयोध्या) अयोध्या से मिल्कीपुर की ओर जा रहा था। ऑटो में राकेश यादव (30), उनकी पत्नी सुमन यादव (28) और उनके बच्चे शगुन (8), शुभ (6) तथा शिवांशी (10 माह) सवार थे। ये सभी सासा तिवारी का पुरवा, तरौली बाजार, इनायतनगर क्षेत्र के निवासी हैं। दुर्घटना में सुमन यादव और शुभ को काफी गंभीर चोटें आई हैं।
बताया गया कि जैसे ही ऑटो बारुन बाजार के पास पहुंचा, उसी दिशा में अयोध्या से मिल्कीपुर जा रही काले रंग की वर्ना कार UP32 KR 7816 ने ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो में सवार सभी यात्रियों को चोटें आईं।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और एनएचएआई एंबुलेंस की मदद से घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। चौकी प्रभारी बारुन बाजार शिवेंद्र पाल ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटना में शामिल वर्ना कार को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच में जुड़ गई है।
नेपाल निवासी कांवरिया को वाहन ने मारी टक्कर,गंभीर घायल
अयोध्या। प्रयागराज हाईवे पर एक वाहन ने एक कांवरिया को टक्कर मार दी। दुर्घटना में कांवरिया गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल लाए जाने के बाद डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कालेज रेफर किया है।
बताया गया कि पड़ोसी देश नेपाल से श्रद्धालुओं का एक जत्था कांवर लेकर निकला था। सभी अपने वाहन से निकले थे और शनिवार को प्रयागराज से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान इनका वाहन प्रयागराज हाईवे पर बीकापुर कोतवाली क्षेत्र में पिपरी जलालपुर के पास रुका। वाहन पर सवार से कांवरिया नेपाल देश के बारा जनपद स्थित चिउटहा थाना क्षेत्र के भिटनिया निवासी बनारसी यादव पुत्र बाबू लाल वाहन से उतरकर सड़क किनारे जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक वाहन ने बनारसी को अपने चपेट में ले लिया। बनारसी का दोनों पैर वाहन की चपेट में आ गया।
गंभीर हाल में घायल को उसके बेटे रोहित यादव ने शाम को जिला अस्पताल पहुंचाया तो उसकी हालत गंभीर देखते हुए इमरजेंसी ड्यूटी कर रहे डॉक्टर वीरेंद्र वर्मा ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल को दर्शननगर मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल प्रशासन का कहना है कि अग्रिम विधिक कार्रवाई और जांच पड़ताल के लिए मेमो नगर कोतवाली पुलिस को भिजवाया गया है।