-अभिलेखों के रख-रखाव व जनहित से संबंधित कार्यों की किया समीक्षा
अयोध्या। मंडलायुक्त राजेश कुमार ने गुरुवार को संभागीय खाद्य नियंत्रक, पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं महिला कल्याण विभाग के मंडलीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर कार्यालयों की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव तथा जनहित से संबंधित कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने कार्यालयों में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति, अभिलेखों के संधारण, साफ-सफाई तथा कार्यालयी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
उन्होंने लंबित प्रकरणों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश देते हुए कहा कि शासन की योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध ढंग से पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखें तथा शासन की मंशानुरूप कार्य करते हुए आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराएं।
उन्होंने अभिलेखों को अद्यतन रखने, कार्यालयों में अनुशासन बनाए रखने तथा जन शिकायतों के निस्तारण में विशेष संवेदनशीलता बरतने पर बल दिया। निरीक्षण के दौरान संभागीय खाद्य नियंत्रक कृष्ण, उपनिदेशक महिला कल्याण विभाग सर्वेश पांडे,उपनिदेशक पिछड़ा वर्ग विभाग तपस्वी लाल सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।