-2027 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प

अयोध्या। बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस और खाद की कीमतों में लगातार वृद्धि, नीट परीक्षा पेपर लीक तथा किसानों-व्यापारियों की समस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी विधानसभा 276 गोसाईगंज इकाई के नेतृत्व में सोमवार को विशाल धरना-प्रदर्शन एवं ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और आमजन ने भाग लेकर सरकार के खिलाफ जोरदार आवाज बुलंद की।
धरने को संबोधित करते हुए अंबेडकरनगर के सांसद एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव लालजी वर्मा ने कहा कि देश और प्रदेश में संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर लगातार हमले हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि नौजवानों, छात्रों, किसानों, व्यापारियों, पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों के अधिकारों की रक्षा के लिए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में संघर्ष तेज किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों के लिए तैयार रहने का आह्वान करते हुए कहा कि 2027 में जनता साइकिल का बटन दबाकर अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का काम करेगी। निवर्तमान जिलाध्यक्ष पारसनाथ यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और टीम भावना के साथ संगठन को मजबूत कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता के सहयोग से वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी और अखिलेश यादव मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालेंगे।
पूर्व विधायक जयशंकर पांडेय ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान सरकार जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब विकास, रोजगार और सुशासन के मुद्दों पर फैसला करेगी। गोसाईगंज विधानसभा प्रभारी लौटन राम निषाद ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा दिए गए संविधान की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि संविधान ही देश के सभी वर्गों को सम्मान और अधिकार प्रदान करता है, इसलिए इसकी रक्षा के लिए सभी को एकजुट होना होगा।
सपा के निवर्तमान प्रवक्ता लवलेश पांडेय ने बताया कि कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष सियाराम निषाद ने की, जबकि संचालन जिला उपाध्यक्ष बैस अंसारी ने किया। धरना-प्रदर्शन में पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रामसागर वर्मा, धर्मवीर वर्मा, राजेश पटेल, स्नेहलता निषाद, रोली यादव, बिंदेश्वरी यादव, अजीत कुमार पटेल, गयाप्रसाद यादव, नागेंद्र यादव, अतुल कुमार यादव, शिवकुमार फौजी, गोविंद विश्वकर्मा, शुभम वर्मा, संदीप यादव, सुरजीत यादव, मोहम्मद असलम, राजेंद्र वर्मा, सुनील कुमार वर्मा, सुरेंद्र कुमार बागी, छोटू पाल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, सेक्टर प्रभारी, जोन प्रभारी, बूथ प्रभारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।