-खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के सचल दल द्वारा कुल 22 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया
अयोध्या। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी के निर्देशों के क्रम में रक्षाबंधन पर्व के दृष्टिगत आम जनमानस को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीमों द्वारा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए जा रहे हैं।
देवाशीष उपाध्याय, सहायक आयुक्त (खाद्य)-II के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के सचल दल द्वारा कुल 22 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान 06 प्रतिष्ठानों को सुधार सूचना निर्गत की गई तथा विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित कर जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे गए।
अभियान के अंतर्गत मऊ शिवाला बाजार स्थित राजाराम स्वीट्स से बेसन लड्डू एवं छेना, रामबाग चौराहा स्थित यादव स्वीट्स से पनीर, मसौधा मिल चौराहा स्थित यादव डेयरी से खोया, पराग डेयरी, रानोपाली, अयोध्या धाम से दूध, पनीर एवं सोहन पापड़ी, उदया चौराहा स्थित सुमित्रा स्वीट्स से खोया तथा दिलासीगंज स्थित गुड्डू स्वीट्स से पेड़ा का नमूना संग्रहित किया गया। कुल 09 नमूने जांच हेतु प्रेषित किए गए हैं।
विभाग द्वारा बताया गया कि रक्षाबंधन पर्व के दृष्टिगत चलाए जा रहे विशेष अभियान में अब तक कुल 27 नमूने संग्रहित किए जा चुके हैं। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए अभियान की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। जांच में नमूने मानकों के अनुरूप न पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने आम जनमानस से अपील की है कि पर्व के दौरान खाद्य एवं पेय पदार्थों की खरीदारी करते समय गुणवत्ता एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें तथा किसी भी प्रकार की मिलावट की जानकारी होने पर संबंधित विभाग को सूचित करें।