15 दिन बाद भी मासूम हत्याकांड का खुलासा नहीं, कानून व्यवस्था पर बरसे सांसद अवधेश प्रसाद

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर संतों के विरोध को बताया भाजपा प्रायोजित, बोले- सपा करती है साधु-संतों का सम्मान

अयोध्या। इनायतनगर थाना क्षेत्र के सहुलारा गांव में तीन वर्षीय मासूम की नृशंस हत्या के करीब 15 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। हत्याकांड का खुलासा न होने से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। इस गंभीर मामले को लेकर अयोध्या के सपा सांसद एवं राष्ट्रीय महासचिव अवधेश प्रसाद ने प्रेसवार्ता कर जिला प्रशासन और प्रदेश सरकार को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि मासूम की हत्या ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है, जबकि पीड़ित परिवार आज भी न्याय की आस लगाए बैठा है।

सांसद ने बताया कि 29 अक्टूबर को तीन वर्षीय बच्चा घर से लापता हुआ था। परिजनों की सूचना के बावजूद छह दिनों तक पुलिस उसका पता नहीं लगा सकी। सातवें दिन मासूम का शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। उन्होंने कहा कि घटना के बाद वह स्वयं गांव पहुंचे थे और पुलिस अधिकारियों से गंभीरता के साथ कार्रवाई कर हत्याकांड का शीघ्र खुलासा करने की मांग की थी। इसके बावजूद अब तक नतीजा सामने नहीं आया है। सांसद ने कहा कि मासूम के माता-पिता और दादा गहरे सदमे में हैं। उच्चाधिकारियों को तत्काल हस्तक्षेप कर हत्याकांड का खुलासा करना चाहिए और दोषियों को कानून के कठघरे में लाकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना चाहिए।

अखिलेश के अयोध्या दौरे पर संतों के विरोध को बताया भाजपा प्रायोजित

वहीं, 12 दिसंबर को सपा प्रमुख अखिलेश यादव के प्रस्तावित अयोध्या दौरे को लेकर कुछ संतों की ओर से किए जा रहे विरोध पर भी अवधेश प्रसाद ने खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी साधु-संतों का सदैव सम्मान करती है। संतों की नाराजगी का कोई सवाल ही नहीं है। साधु-संतों, भगवान, हनुमान जी और मां सरयू की कृपा से ही उन्हें अयोध्या का सेवक और सांसद बनने का अवसर मिला है।

इसे भी पढ़े  अयोध्या में गरीबों व वंचितों के मंदिर किए गए उपेक्षित : सूर्यकांत पाण्डेय

संतों की बैठक और अखिलेश यादव से माफी मांगने की मांग पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने और भावनाएं व्यक्त करने का अधिकार है। हालांकि, उन्होंने संतों के विरोध को भाजपा प्रायोजित बताते हुए आरोप लगाया कि भाजपा राजनीतिक लाभ के लिए इस तरह का माहौल तैयार कर रही है। उन्होंने कहा कि किसकी भावना क्या है और कौन कहां से बोल रहा है, यह जनता भली-भांति समझती है।

वादों की याद दिलाकर भाजपा पर साधा निशाना

अवधेश प्रसाद ने भाजपा सरकार पर चुनावी वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि दो करोड़ रोजगार, किसानों की आय दोगुनी करने और प्रत्येक खाते में 15 लाख रुपये भेजने जैसे वादों का क्या हुआ? उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा सरकार से परेशान है और अब बदलाव चाहती है।

सांसद ने कहा कि जनता ने अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी पर भरोसा जताया है। पीडीए की एकजुटता के दम पर भाजपा को सत्ता से हटाकर प्रदेश में जनकल्याणकारी सरकार बनाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि गठबंधन करना, बैठक करना और राजनीतिक गतिविधियां संचालित करना प्रत्येक राजनीतिक दल का संवैधानिक अधिकार है। प्रेस वार्ता के दौरान जिला अध्यक्ष जय सिंह यादव, महासचिव स्वामीनाथ वर्मा,प्रवक्ता लवलेश पांडे, महिला सभा जिला अध्यक्ष सरोज यादव भी मौजूद रही।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya