-तीन सदस्यीय टीम ने मामले से जुड़े दस्तावेजों व अभिलेखों की जांच प्रक्रिया शुरू की
अयोध्या। राम मंदिर के दान में कथित गबन के मामले की जांच के लिए मुख्यमंत्री के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल एसआईटी सोमवार को अयोध्या पहुंच गयी। एसआईटी की टीम ने राम जन्मभूमि परिसर पहुंचकर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, एसआईटी में लखनऊ मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत आईएएस, आईजी रेंज किरण एस आईपीएस तथा वित्त विभाग के विशेष सचिव नील रतन शामिल हैं। बताया जा रहा है कि राम मंदिर ट्रस्ट के आग्रह पर मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से इस उच्चस्तरीय जांच समिति का गठन किया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, एसआईटी टीम दानपात्रों से संबंधित वित्तीय अभिलेखों, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं की गहन पड़ताल करेगी। जांच दल को 15 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट शासन को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।राम मंदिर में चढ़ावे की धनराशि के कथित गबन का मामला सामने आने के बाद जांच तेज हो गई है।
एसआईटी की रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। टीम मामले से जुड़े सभी तथ्यों, दस्तावेजों और वित्तीय अभिलेखों की बारीकी से जांच करेगी। करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस प्रकरण को लेकर अब सभी की निगाहें एसआईटी की जांच और उसकी अंतिम रिपोर्ट पर टिकी हैं।
वहीं श्रीराम मंदिर में श्रद्धालुओं के दान और चंदे की कथित हेराफेरी को लेकर श्रद्धालुओं और आम जनता के बीच गुस्सा बढ़ गया है। श्रद्धालुओं का कहना है कि चोरी में जो भी शामिल हो उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए जिससे कोई और कभी इस तरह की घटना को अंजाम न दे सके जिससे हमारे सनातन धर्म पर उंगली उठे।