महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट पर मनाया गया यात्री सुविधा दिवस

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-शैक्षणिक, सांस्कृतिक व स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों का हुआ आयोजन

अयोध्या। महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, अयोध्या धाम में यात्री सुविधा दिवस-2026 का आयोजन अत्यंत उत्साह, गरिमा एवं व्यापक जनभागीदारी के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा, जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण एवं समग्र सेवा गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ बनाने हेतु विविध जनहितकारी, शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य हवाई अड्डा सेवाओं को अधिक यात्री-केंद्रित बनाना तथा विभिन्न हितधारकों के बीच समन्वय को सुदृढ़ करना रहा।

इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए करियर काउंसलिंग सत्र आयोजित किया गया, जिसमें उन्हें विमानन क्षेत्र में उपलब्ध करियर अवसरों, एयरपोर्ट ऑपरेशंस, ग्राउंड हैंडलिंग, सुरक्षा सेवाएँ एवं अन्य संबंधित क्षेत्रों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही कौशल विकास एवं भविष्य की रोजगार संभावनाओं पर भी मार्गदर्शन दिया गया। जन-जागरूकता हेतु नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया गया, जिनमें प्रभावशाली प्रस्तुतियों के माध्यम से महत्वपूर्ण संदेश दिए गए। प्रस्तुत नाटकों में “प्लास्टिक मुक्त विश्व” “सुरक्षित यात्री- सुरक्षित हवाई अड्डा” इन प्रस्तुतियों ने पर्यावरण संरक्षण एवं सुरक्षा मानकों के पालन के प्रति जागरूकता बढ़ाई।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत लोकगीत एवं लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियाँ आयोजित की गईं, जिनसे स्थानीय संस्कृति को प्रोत्साहन मिला एवं यात्रियों को आनंददायक अनुभव प्राप्त हुआ। पर्यावरण संरक्षण के तहत हवाई अड्डा परिसर एवं विभिन्न विद्यालयों में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं हवाई अड्डा कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी की। हाउसकीपिंग स्टाफ एवं एयरलाइन कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य एवं यात्री सेवा के प्रति समर्पण हेतु सम्मानित किया गया। यात्रियों, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के कार्मिकों एवं अन्य हितधारकों के लिए मेडिकल चेकअप कैंप का आयोजन किया गया, जिसमें स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श सेवाएँ प्रदान की गईं।

इसे भी पढ़े  चौंक में बन रहे काम्प्लेक्स का नाम मौलवी अहमद उल्ला शाह काम्प्लेक्स किए जाने की मांग

विद्यार्थियों के लिए चित्रकला एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने यात्री सुरक्षा, स्वच्छ हवाई अड्डा एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर अपनी रचनात्मकता प्रस्तुत की। यात्रियों का स्वागत पारंपरिक रूप से तिलक समारोह के माध्यम से किया गया तथा पुष्प एवं पौधे भेंट कर अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर वंदे मातरम सामूहिक प्रस्तुति का आयोजन किया गया, जिसमें एएआई अधिकारियों, सीआईएसएफ जवानों एवं एयरलाइंस प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर हवाई अड्डा निदेशक धीरेन्द्र सिंह द्वारा मीडिया ब्रीफिंग की गई। उन्होंने सभी गतिविधियों की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता बताया। मीडिया ब्रीफिंग के दौरान सभी मीडिया कर्मियों को सम्मानित भी किया गया। हवाई अड्डा प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इसी प्रकार के जनहित, यात्री सुविधा, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya