पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, तीन की मौत, दो गंभीर मेडिकल कॉलेज रेफर

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

अयोध्या।पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर रविवार की सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 77 के पास बस, ट्रक और ट्रैक्टर की आपस में हुई जोरदार टक्कर के कारण हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और यातायात भी कुछ समय के लिए प्रभावित रहा।

घटना की सूचना मिलते ही यूपीडा के सुरक्षा कर्मी और पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय कुमारगंज भेजा गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद अयोध्या पटेल (60 वर्ष) निवासी सरसावा थाना गोपालपुर, जिला चंपारण बिहार, रामचंद्र (45 वर्ष) पुत्र रामनाथ निवासी जमखुरी थाना लंभुआ, जिला सुल्तानपुर तथा एक अज्ञात व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया।

वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल राम प्रकाश तिवारी (58 वर्ष) पुत्र शिव बालक निवासी भवानीपुर थाना संग्रामपुर, जिला मोतिहारी बिहार तथा मीरा देवी (48 वर्ष)पत्नी दरोगा निवासी मानचौक कोटवा बाजार, जिला मोतिहारी बिहार को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज दर्शननगर रेफर कर दिया गया है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

अस्पताल प्रशासन की सूचना पर थाना अध्यक्ष इनायतनगर रतन शर्मा, प्रभारी थानाध्यक्ष कुमारगंज नूतन स्वरूप तथा हलियापुर थानाध्यक्ष वंदना अग्रहरि पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस मृतकों के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।

इसे भी पढ़े  गुप्तारघाट पर चलाया गया स्वच्छता अभियान

एक पुलिसकर्मी ने बताया कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां आसपास लगे हाईवे के सीसीटीवी कैमरे संचालित नहीं थे। यदि कैमरे चालू होते तो दुर्घटना की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की स्पष्ट जानकारी मिल सकती थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

You may also like

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya