-फर्जी आईडी पर कार खरीदकर रची गई थी हत्या की साजिश, पांच आरोपी फरार
अयोध्या। जनपद के पूराकलंदर थाना क्षेत्र के कंदेला गांव में 25 अगस्त को हिस्ट्रीशीटर रामलगन मौर्य की गोली और बम मारकर हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। स्वाट, सर्विलांस और पूराकलंदर पुलिस की संयुक्त टीम ने हत्याकांड के मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर राजमणि सिंह समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में राजमणि सिंह के अलावा दीपक प्रजापति और मनीष शर्मा शामिल हैं।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि पुरानी जमीन और रास्ते के विवाद को लेकर रामलगन मौर्य की हत्या की साजिश रची गई थी। साजिश को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने घटना से तीन दिन पहले 22 अगस्त को लखनऊ से फर्जी आईडी के आधार पर काली हुंडई वरना कार खरीदी थी। इसी कार का इस्तेमाल वारदात की तैयारी और आने-जाने के लिए किया गया। पुलिस के मुताबिक 25 अगस्त की शाम कंदेला गांव की नहर पुलिया के पास रामलगन मौर्य पर आरोपियों ने हमला कर दिया। आरोप है कि बदमाशों ने गोली और बम से हमला किया। गंभीर रूप से घायल रामलगन मौर्य की मौके पर ही मौत हो गई। हमले में उनकी मां पार्वती देवी भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें उपचार के लिए लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज करते हुए स्वाट और सर्विलांस टीम को भी लगाया। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची और मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार हत्याकांड में शामिल पांच अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर घटना की पूरी साजिश का खुलासा किया जाएगा। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से एक अदद पिस्टल 7.65 बोर , 01 अदद मौगजीन, 04 अदद जिन्दा कारतुस व 01 अदद खोखा कारतुस, एक अदद वरना कार नं. यूपी 32 एनटी 6086 रंग काला व एक अदद मोबाईल ओप्पो रंग सफेद बरामद किया गया है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थाना पूराकलन्दर के प्रभारी निरीक्षक अश्विनी कुमार पाण्डेय, सर्विलान्स सेल के उ.नि. अमरेश त्रिपाठी कुमार त्रिपाठी, थाना पूराकलन्दर के उ.नि. अमरेन्द्र प्रताप सिंह, उ.नि. सूरज कुमार, उ.नि. कमलेश कुमार, उ.नि. अजीत पासवान, सर्विलान्स सेल के हे.का. सौरभ सिंह, हे.का. अमित राय व थाना पूराकलन्दर के .का. सत्यपाल यादव, का. विनोद तेवतिया, का. सन्दीप यादव, का. अनुराग सिंह, का. सर्वेश मिश्रा, का. मनदीप चौधरी, स्वाट टीम/सर्विलान्स टीम के का. अंकित राय, का. ऋषि छौंकर और का. शशिकान्त यादव शामिल थे।