अयोध्या में 18 करोड़ से बनेगा मल्टीपर्पज स्पोर्ट्स कांप्लेक्स

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-खेल दिवस पर महापौर व नगर आयुक्त ने किया भूमि पूजन व शिलान्यास, एक साल में पूरा होगा निर्माण

अयोध्या। रामनगरी में खिलाड़ियों को आधुनिक एवं विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक और कदम बढ़ाया गया है। वशिष्ठ कुंड वार्ड में 17 करोड़ 83 लाख 81 हजार रुपये की लागत से मल्टीपर्पज स्पोर्ट्स कांप्लेक्स का निर्माण कराया जाएगा। करीब 4684 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बनने वाले इस स्पोर्ट्स कांप्लेक्स का निर्माण एक वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। शनिवार को खेल दिवस के अवसर पर महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी और नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने वैदिक विधि-विधान से भूमि पूजन कर स्टेडियम का शिलान्यास किया।

इस अवसर पर महापौर ने कहा कि योगी सरकार में खेल सुविधाओं के विकास पर लगातार काम किया जा रहा है। अयोध्या में आधुनिक एवं विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त स्पोर्ट्स कांप्लेक्स बनने से शहर के खिलाड़ियों को बेहतर मंच मिलेगा और नई प्रतिभाएं उभरकर सामने आएंगी। उन्होंने कहा कि कक्षा से अधिक व्यावहारिक ज्ञान खेल के मैदान में मिलता है। खेल व्यक्ति में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करता है।
नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने कहा कि मेजर ध्यानचंद की जयंती और खेल दिवस पर खिलाड़ियों के लिए इससे बड़ी सौगात और कुछ नहीं हो सकती। यह स्पोर्ट्स कांप्लेक्स अयोध्या के युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर देगा।

कार्यक्रम का संचालन अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ ने किया। इस मौके पर उपसभापति संतोष सिंह, पार्षद रंजना यादव, विनय जायसवाल, रमाशंकर निषाद, सूर्यकुमार तिवारी, चंदन सिंह, हरिश्चंद्र गुप्ता, अभिनव पांडेय, अजय पांडेय, ज्ञान केसरवानी, सुशील मिश्र बबलू, दीप कुमार, सुल्तान अंसारी, सुफियान, भाजपा नेता हेमंत जायसवाल, आलोक द्विवेदी, रवि सोनकर, दिव्य प्रकाश तिवारी, इंजीनियर रवि तिवारी, मधुकरिया संत एमबी दास, धर्मेंद्र सिंह, व्यापारी नेता अंजनी गर्ग, खेल जगत के रोहित शर्मा, राहुल सिंह, योगेश्वर सिंह, सुनील अवस्थी, श्रीनिवास शास्त्री, अजीत सिंह, क्रीड़ा अधिकारी अमित सक्सेना आदि मौजूद रहे।

इसे भी पढ़े  कर्तव्यबोध का संकल्प और पंचतत्व की प्रेरणा है रक्षासूत्रबंधन

ये होंगी खेल सुविधाएं

-नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडेय ने बताया कि मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत बनने वाला स्पोर्ट्स कांप्लेक्स 4684 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में विकसित किया जाएगा। इसमें भवन का निर्माण 3064 वर्ग मीटर में होगा। भवन में 1372 वर्ग मीटर का बेसमेंट, 1664 वर्ग मीटर का भूतल तथा करीब 789 वर्ग मीटर में प्रथम एवं द्वितीय तल का निर्माण होगा। करीब 91 वर्ग मीटर का टेरेस भी विकसित किया जाएगा।

स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में बास्केटबॉल कोर्ट, बैडमिंटन कोर्ट, कुश्ती कोर्ट, जिम्नेशियम, टेबल टेनिस हॉल, बहुउद्देशीय हॉल, कॉन्फ्रेंस रूम, कैफेटेरिया एवं किचन, कोच रूम, कार्यालय, शौचालय, लिफ्ट और सीढ़ियों की सुविधा होगी। परिसर में पार्किंग की भी व्यवस्था रहेगी, जहां चार पहिया और दोपहिया वाहन खड़े किए जा सकेंगे।

खेल जगत की 10 हस्तियों का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान खेल के क्षेत्र में योगदान देने वाली 10 खेल प्रतिभाओं एवं प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया। इनमें बास्केटबॉल कोच चंदेश्वर पांडेय, वॉलीबॉल के शिवेंद्र सिंह एवं अनुज मिश्रा, कबड्डी के मुकेश निषाद, एथलेटिक्स के गोलू मौर्य, क्रिकेट के रंगेशमणि त्रिपाठी, बैडमिंटन के अनूप दुबे, हॉकी के राजेश श्रीवास्तव, वॉलीबॉल के सालिकराम यादव और एथलेटिक्स की नीतू गुप्ता शामिल रहीं।

इसके अलावा वशिष्ठ फाउंडेशन की ओर से साइकिलिंग के क्षेत्र में प्रतिभा दिखा रही 15 वर्षीय किशोरी बेबी को स्वर्गीय अमित सिंह अश्मित सम्मान प्रदान किया गया। सम्मान स्वरूप फाउंडेशन की ओर से उसे 11 हजार रुपये का चेक दिया गया।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya