ध्रुवीकरण की राजनीति खत्म, अब होगी मानवता की राजनीति : सलमान खुर्शीद

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

 कहा-अयोध्या को लेकर जनता में नई उम्मीद-नया विश्वास जगा

अयोध्या। ध्रुवीकरण की राजनीति खत्म हो चुकी है। अब मानवता की राजनीति होगी। उक्त विचार शाने अवध सभागार में आयोजित प्रेसवर्ता में कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता पूर्व केन्द्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रामराज्य सभी के लिए है, लेकिन गंगा में बहती लाश, परेशान लोग रामराज्य नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि भाजपा का रामराज्य दूसरा है। जबकि कांग्रेस का रामराज्य है कि सभी खुशहाल हों और हम धर्म का धर्म से बंटवारा नहीं चाहते।

पूर्व मंत्री खुर्शीद ने स्वरचित अंग्रेजी पुस्तक ‘सनराइज अयोध्या का जिक्र करते हुए कहा कि अयोध्या को लेकर जनता में नई उम्मीद-नया विश्वास जगा है। उन्होंने कहा कि आगामी विस चुनाव-2020 और लोकसभा चुनाव- 2024 में भाजपा की हर चाल का कांग्रेस जवाब देने की तैयारी में है। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में किसान, महिला व नौजवान समस्या, विकास व सुरक्षा मुख्य मुद्दा होगा और कांग्रेस इसे अपने घोषणा पत्र में शामिल करेगी।

वहीं कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि भाजपा सरकार में यूपी अपराध में नंबर-वन पर है। बेरोजगारी व महंगाई बढ़ी है। किसान परेशान हैं और महिलाओं पर अत्याचार हो रहा है जबकि भाजपा सरकार महंगाई, रोजगार व महिला अपराध को समस्या नहीं मान रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा राज में अयोध्या के किसानों को भूमि अधिग्रहण का उचित मुआवजा नहीं दिया जा रहा और मंदिर निर्माण में जमीन खरीद के नाम पर घोटाले किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में भाजपा सरकार के कुप्रबंधन को जनता ने झेला है। इस दौरान पूर्व सांसद डॉ. निर्मल खत्री, राष्ट्रीय सचिव रोहित चौधरी, अमिताभ दुबे, हनुमंत विश्वकर्मा, जिलाध्यक्ष अखिलेश यादव, राजेन्द्र प्रताप सिंह, उग्रसेन मिश्र, संजय तिवारी, मो. शरीफ व अन्य मौजूद रहे।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya