अधिसूचना जारी होने के बाद अयोध्या में बढ़ा सियासी पारा

by Next Khabar Team
5 minutes read
A+A-
Reset

–  बूथ सम्मेलन में विरोधी गठबंधन पर बरसे प्रदेश के जल शक्ति मंत्री


अयोध्या। सूबे के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह शनिवार को अयोध्या में थे। यहां विधानसभा क्षेत्र बीकापुर के बूथ सम्मेलन में शामिल होकर कार्यकर्ताओं को चुनाव जीतने के टिप्स दिए। सम्मेलन को सम्बोधित कर रहे स्वतंत्र देव सिंह ने इंडी गठबंधन पर निशाना साधा। कहा कि प्रदेश में 2014 के पहले होती थी लूट खसोट, महिलाएं, बच्चियां सुरक्षित नहीं थीं। भाजपा की मोदी सरकार से पहले बम फटते थे अब बम नहीं फटता क्योंकि जनता जनार्दन का आशीर्वाद मोदी जी के साथ है। प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि 2014 के पहले केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी और उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार थी। देश के अंदर बम फटते थे। श्रीनगर में बम फटता था। अयोध्या में बम फटता था। ताज होटल में बम फटता था। काशी में बम फटते थे,। किसान आत्महत्या करते थे। जब बुंदेलखंड में सूखा पड़ता था तो लोग भूख से मरते थे। मोदी जी के आने के बाद आज देश के अंदर बम भी नहीं फटता और भूख से भी कोई नहीं मारता। 80 करोड लोगों को फ्री में अनाज देने का काम मोदी जी कर रहे हैं।

उत्तरप्रदेश के हालात यह थे कि 2017 के पहले प्रदेश में बेटियां घर से नहीं निकलती थी। गुंडागर्दी भ्रष्टाचार प्रदेश में व्याप्त था। आज अयोध्या से रात 12ः00 बजे भी कोई हरिद्वार जा सकता है लखनऊ जा सकता है। अपने को सुरक्षित महसूस करता है। भाजपा सरकार आने के बाद आमूल चूल परिवर्तन हुआ है।आम जनता जनार्दन का आशीर्वाद मोदी जी के साथ है।कार्यकर्ताओं का परिश्रम की पराकाष्ठा के आधार पर हम सरकार बनाएंगे और हम चुनाव जीतेंगे। सरकार बनाकर गरीबों की सेवा करेंगे। गरीब कल्याण योजनाओं के दम पर कानून के राज पर और देश की समस्या का समाधान करेंगे।

इसे भी पढ़े  पुलिस ने किया दलित युवती हत्याकांड का खुलासा

उपलब्धियां गिनाते हुए स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार में जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाई गई। अयोध्या में प्रभु राम का मंदिर बना। काशी में कॉरिडोर बना। महाकाल कॉरिडोर या बद्रीनाथ कॉरिडोर हो जो भी योजनाएं हैं उसके बल पर हम चुनाव जीत रहे हैं। इंडी गठबंधन के पार्टियों पर स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि यह क्षेत्रवाद, परिवारवाद, वंशवाद की पार्टियां हैं। जबकि भारतीय जनता पार्टी एक मिशन है। राजनीति हमारा व्यापार नहीं है। हमारा मिशन है गरीबों की सेवा करना। जबकि वे लोग जब सत्ता में आते हैं तो वह राज्यों को लूटते हैं। गरीब को लूटते हैं। हम लोग गरीबों सेवा करते हैं।

सांसद लल्लू सिंह ने कहा कि यह चुनाव कोई आम चुनाव नही है यह चुनाव देश के निर्माण का चुनाव है। देश का स्थान दुनिया में स्थापित हो रहा है इसका चुनाव है। मोदी सरकार बनने बाद पूरा देश जो चाहता था वह कार्य किए गए। धारा 370 हटाई गई। अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा हुई। इसलिए यह चुनाव अयोध्या के लिए महत्वपूर्ण है। यहां लगभग 50 हजार करोड़ से विकास हो रहा है। मोदी तथा योगी सरकार का स्वप्न अयोध्या को विश्व की सबसे सुंदर नगरी बनाने का है। हम सभी कार्यकताओं को इसमें सहयोग करना है।

सपा सरकार में नहीं निकाल सकते थे राम बारात और कांवड यात्रा

विधान सभा क्षेत्र मिल्कीपुर के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि हम सभी ने सपा शासन को देखा है 2017 से पहले टीका लगाकर कोई ऑफिस जाता था तो उसका काम नहीं हो सकता था। पांच बजे के बाद में लड़कियां निकल नहीं सकती थी। दलितों-शोषितों का अपमान होता था। बाबा साहब की जयंती नहीं मना सकते थे। राम बारात, कावड़ यात्रा नहीं निकाल सकते थे। लेकिन नरेन्द्र मोदी और योगी आदित्यनाथ के आने के बाद अंबेडकर जी के पांच स्थलों को पंच तीर्थ में विकसित किया गया।

इसे भी पढ़े  वृद्ध चौकीदार की पिटाई से मौत

कावड़ यात्रा पर सरकारी हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की जाती है।उन्होंने कहा कि विश्वास कीजिए मोदी और योगी जैसे नेता कभी-कभी आते हैं। कहा कि पहले भारत में कई स्थान थे जहां भारत माता की जय, वंदे मातरम नही बोल पाते थे। पार्टी कार्यकताओं के संघर्ष के बदौलत सरकार बनी तो कश्मीर के लाल चौक पर भारत माता की जय का नारा तथा तिरंगा लहरा रहा है। अब अयोध्या से पर्यटक श्रीनगर तथा श्रीनगर से अयोध्या पर्यटक घूमने आते है। आज लोग दिल्ली से चलते है अयोध्या तक फोर लेन की सड़कें मिलती है। इन्हीं परिवर्तन के लिए भाजपा का कार्यकर्ता संघर्ष करता है। अयोध्या देश विदेश से लोग आएं हैं इसलिए यह चुनाव आपकी हमारी प्रतिष्ठा का सवाल है।

उन्होंने बूथ अध्यक्षों से पूछा कि कितने लोगों ने कमल के फूल के लिए लोगों के दरवाजों की कुण्डी खटखटाई है। पं दीनदयाल उपाध्याय ने हजारों कुण्डी खटखटाई होगी। कितनी कठिन परिस्थितियों में यहां तक पार्टी पहुंची। आज पं दीन दयाल उपाध्याय व अटल बिहारी बाजपेई का सपना साकार हो रहा है।

कार्यक्रम को बीकापुर विधायक अमित सिंह चौहान ने भी सम्बोधित किया। इससे पूर्व सभा स्थल पर पहुंचने पर कार्यकताओं ने 51 किलो की माला पहना कर उनका स्वागत किया। संचालन अवधेश पाण्डेय बादल ने किया। मिल्कीपुर विधान सभा का बूथ अध्यक्ष सम्मेलन कलुआ मउ डिग्री कालेज में सम्पन्न हुआ।

इस दौरान लोक सभा संयोजक बांके बिहारी मणि त्रिपाठी, प्रभारी श्री कृष्ण शास्त्री, जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव, जिला प्रभारी मिथिलेश त्रिपाठी, पूर्व विधायक गोरखनाथ बाबा, ओम प्रकाश सिंह, विधानसभा प्रभारी शोभनाथ वर्मा, बीकापुर विधान सभा के सह संयोजक इंजी. रणवीर सिंह, कृष्ण कुमार पाण्डेय खुन्नू, राघवेन्द्र पाण्डेय, ब्लाक प्रमुख दिनेश वर्मा आदि शामिल रहे।

You may also like

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya