पत्ता गोभी खाने से आठ लोग हुए फूड प्वाइजनिंग के शिकार

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

 

जहरीली गोभी की सब्जी खाते ही बिगड़ी हालत

फैजाबाद। पत्ता गोभी की सब्जी चावल के साथ खाने से एक ही परिवार के आठ लोग फूड प्वाइजनिंग के शिकार हो गये। जहरीली गोभी की सब्जी खाते ही परिवारीजनों की हालत बिगड़ने लगी जिससे पूरे गांव में अफरा तफरी मच गयी। मामला पूराकलन्दर थाना क्षेत्र के ग्राम गंजा का है।

गंजा गांव के धनीराम के घर में शुक्रवार को पत्ता गोभी की सब्जी और चावल बना हुआ था। दोपहर करीब 11 बजे पूरे परिवार ने एक साथ बैठकर गोभी की सब्जी और चावल खाया। खाना खाने के थोड़ी देर बाद परिवार के सभी आठ सदस्यों की हालत बिगड़ने लगी। घटना की जानकारी मिलने पर गंजा के ग्राम प्रधान केदारनाथ यादव तत्काल मौके पर पहुंचे और सभी को कादीपुर चैराहा स्थित डा. सुमित के क्लीनिक पर ले गये। पांच लोगों की हालत गम्भीर देखते हुए डा. सुमित ने उन्हें जिला चिकित्सालय ले जाकर भर्ती कराने की सलाह दी। ग्राम प्रधान स्वयं सभी पांचो बीमारों को लेकर जिला चिकित्सालय पहुंचे और उपचार के लिए उन्हें भर्ती कराया। 27 वर्षीय धनीराम यादव पुत्र रामयश यादव, 23 वर्षीय उमा पत्नी धनीराम, 9 वर्षीय मन्नत पुत्री पवन यादव का इलाज डा. सुमित के ही क्लीनिक पर किया जा रहा है। जिला चिकित्सालय में 17 वर्षीय पूजा यादव पुत्री रामयश यादव, 8 वर्षीय सेजल यादव पुत्री पवन कुमार यादव, 35 वर्षीय रमरता यादव पत्नी पवन कुमार यादव, 27 वर्षीय विकलांग धनपता पुत्री रामयश यादव व 16 वर्षीय अर्चना यादव पुत्री रामयश यादव का इलाज जिला चिकित्सालय में चल रहा है। धनपता यादव व अर्चना यादव की दशा अभी सुधरी नहीं है। वैसे इलाज कर रहे चिकित्सक का कहना है कि सभी का जीवन खतरे से बाहर है। ग्राम प्रधान केदारनाथ यादव ने बताया कि पत्ता गोभी में कीटनाशक दवा डाली गयी थी खेत से काटकर इसे लाकर पका लिया गया जिसके कारण कीटनाशक का असर सब्जी में हो गया जो फूड प्वाइजनिंग का कारण बना।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya