-कनक भवन परिसर में चलाया सफाई अभियान, 31 को अधिकाधिक जनभागीदारी का आह्वान, चिंतन संस्था ने चलाया जनजागरूकता अभियान, तीर्थयात्रियों और दुकानदारों को किया जागरूक
अयोध्या। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर 31 अक्टूबर को आयोजित होने वाले मां सरयू स्वच्छता महाभियान को ऐतिहासिक बनाने के लिए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी की अगुवाई में कनक भवन मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता महाअभियान चलाया गया। महापौर ने स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया और संतों, पार्षदों तथा आमजन से 31 अक्टूबर के अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने का आह्वान किया।
सुबह करीब 7:30 बजे नगर निगम की टीम कनक भवन परिसर पहुंची। यहां सफाई के साथ फागिंग और एंटी लार्वा का छिड़काव भी किया गया। अभियान का उद्देश्य दीपोत्सव से पूर्व रामनगरी में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ मां सरयू की स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना रहा। इस दौरान नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने कहा कि स्वच्छता में नगर निगम को आमजन का सहयोग आवश्यक है। पार्षद प्रतिनिधि प्रियेश दास, अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ और भारत भार्गव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
महापौर ने दोपहर में धोबी मंदिर परिसर में आयोजित बैठक में साधु-संतों से संवाद किया। उन्होंने मां सरयू स्वच्छता महाअभियान को सफल बनाने के लिए संत समाज और श्रद्धालुओं की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने सभी से स्वच्छता के इस अभियान को जनआंदोलन बनाने की अपील की।
बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक कौशल किशोर जी, महानगर प्रचारक सुदीप जी, धोबी मंदिर के महंत छतरदास, महंत वैदेही वल्लभ शरण, महंत जयरामदास, महंत रविदास, गंगा सिंह, रामानुज ब्रह्मचारी, पवन पांडेय सहित अन्य संत एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त नगर निगम के जोनल कार्यालय में पार्षदों के साथ बैठक कर महापौर ने वार्डों में नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मां सरयू की स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है।
चिंतन संस्था ने भी चलाया जनजागरूकता अभियान
-चिंतन संस्था के नेतृत्व में संचालित ‘वेस्ट नो मोर इन अयोध्या’ परियोजना के तहत ‘साफ सरयू सप्ताह’ के अंतर्गत जनजागरूकता गतिविधियां जारी रहीं। 24 से 27 अक्टूबर तक चलाए गए अभियान में सरयू में कचरा पहुंचने के संभावित स्रोतों की पहचान, तीर्थयात्रियों को जागरूक करने और घाटों के आसपास दुकानदारों एवं स्ट्रीट वेंडर्स को स्वच्छता के प्रति प्रेरित करने पर जोर दिया गया।
चिंतन संस्था की संस्थापक एवं निदेशक भारती चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में आयोजित अभियान में एसबीआई फाउंडेशन, एसबीआई जनरल इंश्योरेंस और अन्य सहयोगी संस्थाओं की सहभागिता रही। स्वयंसेवकों ने श्रद्धालुओं और स्थानीय व्यवसायियों से कचरे का उचित निस्तारण करने तथा घाटों को स्वच्छ रखने की अपील की। नगर निगम और चिंतन संस्था की इन पहलों का उद्देश्य 31 अक्टूबर को सरयू घाट पर प्रस्तावित मेगा क्लीनअप ड्राइव में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।