-10 गंभीर घायलों को दर्शन नगर मेडिकल कॉलेज भेजा गया, कुमारगंज संयुक्त चिकित्सालय में डॉक्टरों की टीम ने संभाला मोर्चा

मिल्कीपुर। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हलियापुर थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर बाद मजदूरों से भरी एक प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में करीब 25 यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए कुमारगंज स्थित सौ शैया संयुक्त चिकित्सालय लाया गया। घायलों में 10 की हालत गंभीर होने पर उन्हें दर्शन नगर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य घायलों का इलाज कुमारगंज अस्पताल में जारी रहा।
जानकारी के अनुसार, बिहार के नवादा जिले के अकौना थाना क्षेत्र के नया गांव के रहने वाले करीब 60 मजदूर प्राइवेट बस से बाराबंकी स्थित एक ईंट-भट्ठे पर काम करने जा रहे थे। मंगलवार को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सफर के दौरान अचानक बस लहराने लगी। यात्री कुछ समझ पाते, इससे पहले ही बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में कई यात्री घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को एंबुलेंस की मदद से कुमारगंज स्थित सौ शैया संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। एक साथ बड़ी संख्या में घायलों के अस्पताल पहुंचने से वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, अस्पताल प्रशासन ने तत्काल उपचार की व्यवस्था शुरू कर दी।
अस्पताल के सीएमएस डॉ. रवि पांडेय के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम ने घायलों का उपचार शुरू किया। घायलों की संख्या अधिक होने के कारण अस्पताल में चिकित्सकीय व्यवस्था सक्रिय कर दी गई। वहीं, मिल्कीपुर के उपजिलाधिकारी पवन कुमार शर्मा भी अस्पताल पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी लेते रहे।
एसडीएम पवन कुमार शर्मा ने बताया कि हादसे में घायल 25 यात्रियों को अस्पताल लाया गया था। इनमें 10 गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए दर्शन नगर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है, जबकि शेष घायलों का उपचार कुमारगंज स्थित सौ शैया संयुक्त चिकित्सालय में किया जा रहा है।
हादसे के बाद राहत एवं बचाव कार्य के लिए मौके पर सात एंबुलेंस लगाई गईं। कुमारगंज थाना अध्यक्ष सुरेश कुमार पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। वहीं, कुमारगंज नगर पंचायत अध्यक्ष विकास सिंह छोटू भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना।
हादसे के बाद घायलों के परिजनों और सहयात्रियों में चिंता का माहौल रहा। बस के अनियंत्रित होकर पलटने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
घायलों के नाम: राजेश कुमार, वाल्मीकि मांझी, मारो देवी, राजेश, शोभा देवी, राकेश, दिलीप, राजू, शंभू, सोनाली, प्रीति, बजरंगी, कुन्नाम, सूरज, बिगो कुमारी, गतिया, परमीत, नेहा, रुका देवी, करीना, रीना, अंकुश, साहिल, पुनीता देवी, धीरेंद्र कुमार, अरविंद कुमार और गायत्री देवी।