धूमधाम से मनाया गया भगवान मैथिलीरमण राम का प्राकट्योत्सव

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-विविध व्यंजनों का भोग लगाकर उतारी महाआरती

अयोध्या। प्रसिद्ध पीठ श्रीरामाश्रम, रामकोट में विराजमान भगवान मैथिलीरमण राम का प्राकट्योत्सव धूमधाम से मनाया गया। यह भगवान का 13वां प्राकट्य महोत्सव था। महोत्सव को पीठ के वर्तमान पीठाधीश्वर महंत जयराम दास वेदांती महाराज ने सानिध्यता प्रदान किया। प्राकट्य महोत्सव में कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह भी सम्मिलित हुए। जिन्होंने भगवान श्रीमैथिलीरमण राम का पूजन-अर्चन कर उनके प्रति अपनी आस्था और श्रद्धा निवेदित किया। उत्सव से मंदिर प्रांगण आहलादित व उल्लासित नजर आया। पूरा माहौल भक्तिमय वातावरण रंगा रहा, जिसमें भक्तगण सराबोर होकर गोता लगा रहे थे।

भक्तों ने ठाकुरजी के प्राकट्योत्सव में शामिल होकर अपना जीवन धन्य बनाया। सर्वप्रथम शुक्रवार प्रातःकाल मंदिर के गर्भगृह में विराजमान भगवान श्रीमैथिलीरमण राम का वैदिक मंत्रोच्चार संग पंचामृत और सुगंधित औषधियों से अभिषेक-पूजन हुआ। उसके बाद ठाकुरजी को नवीन वस्त्र धारण कराकर दिव्य श्रृंगार किया गया। तत्पश्चात विविध व्यंजनों का भोग लगाकर महाआरती उतारी। फिर संत-महंत और भक्तगणों को भगवान के पाटोत्सव का प्रसाद ग्रहण कराया गया। इस मौके पर काफी संख्या में संत-महंत, भक्तगणों ने प्रसाद ग्रहण किया। इससे पहले आचार्य शेषनारायण के नेतृत्व में वैदिक विद्वानों ने स्वस्ति वाचन कर कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह स्वागत किया। इस अवसर पर श्रीरामाश्रम पीठाधीश्वर महंत जयराम दास वेदांती महाराज ने बताया कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी भगवान श्रीमैथिलीरमण राम का प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव हर्षोल्लास पूर्वक मनाया गया।

यह भगवान का 13वां पाटोत्सव रहा। राजोपचार विधि से ठाकुरजी का पूजन हुआ। सुबह वैदिक विद्वानों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार संग पंचामृत और सुगंधित औषधियों से भगवान का अभिषेक-पूजन किया गया। तत्पश्चात नवीन वस्त्र धारण कराकर भव्य श्रृंगार किया। उसके बाद भोग लगा ठाकुरजी की दिव्य आरती उतारी। महोत्सव में मंदिर से जुड़े हुए संत-महंत व भक्तगण सम्मिलित हुए। जिन्होंने अपना जीवन कृतार्थ किया। प्राकट्योत्सव पर महंत बलराम दास हनुमानगढ़ी, चित्रकुटी मंदिर महंत उत्तम दास महात्यागी, स्वामी गयाशरण, पहलवान घनश्याम दास, स्वामीनाथ सिंह, अमरजीत सिंह काका, सोनू सिंह, महेंद्र त्रिपाठी, प्रियेश दास, लालू सिंह, श्रीनाथ मिश्र, अखिलेश पांडेय समेत अन्य मौजूद रहे।

इसे भी पढ़े  विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति को बढ़ाया जाय : सीडीओ

 

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya