-बारह परियोजना कुल लागत 7476.30 लाख का किया शिलान्यास व सात परियोजनाएं कुल लागत 3350.41 लाख का किया लोकार्पण
अयोध्या। जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने शुक्रवार को जनपद के रौनाही तटबंध में किमी0 13.350 पर नैपुरा पम्पिंग स्टेशन के निर्माण कार्य सहित अन्य विभागीय 11 परियोजनाओं कुल लागत 7476.30 लाख का शिलान्यास एवं 07 परियोजनाओं कुल लागत 3350.41 लाख का लोकार्पण किया गया। मंत्री ने कहा कि सरयू/घाघरा नदी के दायें तट पर निर्मित रौनाही तटबन्ध के किमी0 13.350 पर नैपुरा पम्पिंग स्टेशन के निर्माण कार्य का शिलान्यास करने का अवसर प्राप्त हुआ है।
इसके साथ जनपद में कुल 12 अद्द सिंचाई, बाढ़ तथा राजकीय नलकूपों के निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया जा रहा है, जिनकी कुल लागत रू0 7476.30 लाख है। शिलान्यास की परियोजनाओं के पूर्ण होने के पश्चात् लगभग 10 लाख कृषकों तथा जन सामान्य को सिंचाई सुविधाओं का लाभ मिलेगा, आवागमन हेतु नये पुल उपलब्ध होंगे तथा बाढ़ से बचाव होगा। साथ ही साथ हजारों हेक्टेयर कृषि भूमि पर फसलों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी तथा लगभग 50 करोड़ रूपये प्रतिवर्ष होने वाली फसलों की क्षति को रोका जा सकेगा, जिससे किसानों को 50 करोड़ रूपये का प्रतिवर्ष लाभ होगा।
मंत्री ने कहा कि शिलान्यास के साथ साथ आज अयोध्या में 07 अद्द पूर्ण सिंचाई तथा बाढ़ कार्यो का लोकार्पण किया गया, जिनकी कुल लागत रू० 3350.41 लाख है। इन परियोजनाओं के पूर्ण हो जाने से लगभग 05 लाख कृषकों तथा जन सामान्य को सिंचाई सुविधाओं का लाभ मिलेगा। साथ ही साथ हजारों हेक्टेयर कृषि भूमि पर फसलों की सुरक्षा सुनिश्चित हुई तथा लगभग 30 करोड़ रू० प्रतिवर्ष होने वाली फसलों की क्षति को रोका जा सका, जिससे किसानों को रू0 30 करोड़ का प्रतिवर्ष लाभ हो रहा है। तहसील रुदौली के अंतर्गत रौनाही तटबन्ध के आबादी के तरफ वर्षा काल में जल भराव के निराकरण हेतु ग्राम नैपुरा के समीप पम्पिंग स्टेशन स्थापित करने की परियोजना से रौनाही तटबन्ध के किमी0 13.350 पर रामशरनदासपुर ड्रेन की जल निकासी है।
पम्पिंग स्टेशन पर ड्रेन का कैचमेंट एरिया 5010 हेक्टेयर है। तटबन्ध के कन्ट्री साइड में लगभग 855.00 हे० भूमि बाढ़ अवधि में जल प्लावन से प्रभावित होती है, जो कि सुरक्षित होगी। परियोजना लागत रू0 1419.09 लाख की 30 नवम्बर 2021 को जल शक्ति मंत्री की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश राज्य बाढ़ नियंत्रण परिषद् की स्थायी संचालन समिति की 54वीं बैठक में स्वीकृत हुई। इस अवसर पर विधायक रुदौली रामचन्द्र यादव, विधायक बीकापुर डा. अमित सिंह चौहान, विधायक गोसाईगंज अभय सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण व विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।