-स्टाम्प एवं पंजीयन मंत्री रविंद्र जायसवाल बोले- प्रदेश में 104 रजिस्ट्री कार्यालयों का कराया जा रहा कायाकल्प

मिल्कीपुर। मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र में उप निबंधन कार्यालय के नवनिर्मित भवन का सोमवार शाम करीब चार बजे स्टाम्प एवं पंजीयन तथा न्यायालय शुल्क मंत्री रविंद्र जायसवाल ने उद्घाटन किया। करीब 2.28 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस नवीन भवन में रजिस्ट्री कराने आने वाले लोगों को बेहतर और सुविधाजनक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने का दावा किया गया है।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री रविंद्र जायसवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार पंजीयन कार्यालयों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। इसी क्रम में प्रदेश के 104 रजिस्ट्री कार्यालयों का कायाकल्प कराया जा रहा है। नवीन भवनों में आने वाले लोगों को बैठने, दस्तावेजों के पंजीयन सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं बेहतर तरीके से उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
मंत्री ने प्रदेश में जमीनों की रजिस्ट्री के आंकड़ों का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्ववर्ती अखिलेश यादव सरकार के कार्यकाल में एक वर्ष में करीब 16 से 17 लाख जमीनों की रजिस्ट्री होती थी। वर्तमान सरकार में यह संख्या बढ़कर करीब 54 से 55 लाख रजिस्ट्री प्रतिवर्ष हो गई है। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश में बढ़ी आर्थिक गतिविधियों और लोगों के बीच संपत्ति खरीदने के बढ़ते रुझान का पता चलता है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोग अपने आशियाने के लिए अयोध्या, वाराणसी, मथुरा और नोएडा जैसे शहरों को प्राथमिकता दे रहे हैं। इन शहरों में विकास कार्यों के साथ-साथ आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होने से जमीन और मकान की खरीदारी के प्रति लोगों का रुझान बढ़ा है। मंत्री ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है।
कानून-व्यवस्था बेहतर होने से प्रदेश में निवेश और विकास का माहौल बना है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि आम लोगों को सरकारी कार्यालयों में बेहतर सुविधाएं मिलें और उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। नवीन भवन के शुरू होने से मिल्कीपुर क्षेत्र के लोगों को रजिस्ट्री और पंजीयन संबंधी कार्यों के लिए अधिक सुविधाजनक माहौल मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम के दौरान विभागीय अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।