-प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक के सभी विद्यालयों पर लागू होगा आदेश
अयोध्या। मौसम विभाग द्वारा जनपद अयोध्या में भारी वर्षा की चेतावनी (Red/Orange Alert) जारी किए जाने तथा छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के दृष्टिगत जिलाधिकारी अयोध्या श्री शशांक त्रिपाठी के निर्देशानुसार जनपद के समस्त विद्यालयों को दिनांक 26 सितम्बर 2026 को पूर्णतः बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि यह आदेश जनपद के समस्त परिषदीय, शासकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त एवं सभी बोर्डों-CBSE, ICSE एवं UP Board-से संबद्ध प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक के विद्यालयों पर लागू होगा। यह आदेश जनपद के सभी शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में समान रूप से प्रभावी रहेगा।
उन्होंने बताया कि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है। सभी विद्यालय प्रबंधन एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करते हुए दिनांक 26 सितम्बर को विद्यालयों में पठन-पाठन एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियां संचालित न की जाएं।
डी.एल.एड. परीक्षा की ड्यूटी पूर्ववत रहेगी
जनपद में डी.एल.एड. तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं संचालित हो रही हैं। परीक्षा में जिन अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अध्यापकों की ड्यूटी लगाई गई है, उनके दायित्व में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। संबंधित अधिकारी, कर्मचारी एवं अध्यापक निर्धारित परीक्षा ड्यूटी का निर्वहन पूर्ववत करेंगे।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों, विद्यालय प्रबंधनों एवं प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया है कि उक्त आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के संबंध में विशेष सतर्कता बरती जाए।