रामनगरी में हर हर महादेव के जयकारों से छाया भक्ति का माहौल

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-नागेश्वरनाथ समेत अन्य शिवालयों में श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

अयोध्या। सावन मेले के आगाज के साथ ही रामनगरी में हर-हर महादेव के जयकारों के साथ भक्ति का माहौल छाया हुआ है। गुरुवार से सावन मेला शुरू होते ही अयोध्या में श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा है। सुबह सरयू में स्नान ध्यान के बाद राम की पैड़ी स्थित नागेश्वरनाथ व अन्य शिवालयों में जलाभिषेक करने वालों का तांता लगा दिखा। शिवालयों में शाम तक श्रद्धालु कतारबद्ध दिखे। पूरी अयोध्या दिन भर ॐ नमः शिवाय के जाप से गूंजती रही। हनुमानगढ़ी और राम मंदिर में दर्शनार्थियों का मेला जुटा दिखा।

श्रद्धालुओं को तमाम सुविधाएं देने के उद्देश्य से सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर अयोध्या प्रशासन पूरी तरह अलर्ट दिखा। गुरुवार भोर से ही श्रद्धालुओं द्वारा सरयू स्नान के बाद नागेश्वरनाथ मंदिर में जलाभिषेक कर शिव जी की आराधना की गई। क्षीरेश्वरनाथ मंदिर पर भी श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। हनुमानगढ़ी और श्रीराम मंदिर में भी दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा। शहर के सभी शिवालयों में देर शाम तक भक्तों की कतारें बनी रहीं और हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे।

राम मंदिर परिसर और सरयू घाटों पर विशेष इंतजाम किए गए हैं। कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने कांवड़ यात्रा और जलाभिषेक के लिए विशेष प्रबंध किए हैं। पुलिस, स्वास्थ्य और सफाई व्यवस्था को लेकर पूरी सतर्कता बरती जा रही है।

सावन में हर साल अयोध्या आना है नियम

जनपद गोंडा निवासी श्रद्धालु सतीश तिवारी ने बताया कि उनका हर साल सावन में अयोध्या आना हमारा नियम है। सरयू में स्नान कर नागेश्वरनाथ में जलाभिषेक किया। व्यवस्था बहुत अच्छी है। पानी भी साफ रखा गया है और घाटों पर सुरक्षा कर्मी तैनात हैं। सीएम योगी के कारण अयोध्या का विकास हुआ है, इसलिए श्रद्धा और बढ़ गई है।

इसे भी पढ़े  पुण्यतिथि पर याद किए गए पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम

अयोध्या में आकर मन को मिलती है शांति

लखनऊ से आईं श्रद्धालु सुनीता शर्मा ने कहा कि हम पूरे परिवार के साथ आए हैं। राम मंदिर और हनुमानगढ़ी के दर्शन कर बहुत सुख मिला। शिवालयों में भीड़ तो है, लेकिन कतार व्यवस्थित है। पानी, शेड और मेडिकल सुविधा उपलब्ध है। प्रशासन की तैयारी सराहनीय है। सावन का महीना भक्ति का महीना है और अयोध्या में आकर मन को शांति मिलती है।

घाटों पर बनाया गया है सुरक्षा घेरा

नगर आयुक्त जयेन्द्र कुमार ने बताया कि मेले की तैयारियां पहले से ही पूरी कर ली गई थीं। सीएम योगी के निर्देशानुसार कांवड़ियों के लिए विशेष मार्ग, पेयजल, शौचालय और आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं। सरयू घाटों पर बाढ़ की स्थिति को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा घेरा बनाया गया है। रात भर रोशनी और सफाई का काम चलता रहेगा।

You may also like

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya